नाबालिक सहित दो आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर थाना चकरभाठा पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम ने लूटपाट की घटना का चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, नकद 395 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सुनील यादव, निवासी ग्राम सेंवार, नर्मदा कोल्ड ड्रिंक, सिरगिट्टी में हाउसकीपिंग का कार्य करता है। उसने थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी प्लेज़र स्कूटी (CG 10 ED 9432) से काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसका पीछा किया और उसे जोरदार थप्पड़ मारकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके पास रखे 395 रुपये तथा स्कूटी लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना चकरभाठा पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव (20 वर्ष) निवासी नयापारा सिरगिट्टी, रोहन दास (21 वर्ष) निवासी नयापारा सिरगिट्टी तथा एक विधि से संघर्षरत बालक के रूप में हुई।
तीनों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, लूटी गई नकदी तथा प्लेज़र स्कूटी बरामद कर ली गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई है। सभी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
चकरभाठा पुलिस की जनअपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध कार्य में लिप्त व्यक्तियों की सूचना तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

