केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बोले…
योग को जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ भारत के निर्माण में दें योगदान नशा मुक्ति की दिलाई शपथ…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। योग फॉर हेल्दी एजिंग थीम पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम बहतराई स्टेडियम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह पूर्व महापौर किशोर राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि
अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ब्रह्माकुमारी संस्था की मंजू दीदी के निर्देशन में प्रतिभागियों ने वृक्षासन, ताड़ासन, पवनमुक्तासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं ध्यान सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य का भी आधार है। प्रतिदिन योग करने से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और व्यक्ति जीवनभर स्वस्थ एवं ऊर्जावान रह सकता है।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि योग का अर्थ ही जोड़ना है। यह व्यक्ति को स्वयं से, परिवार को समाज से और समाज को राष्ट्र से जोड़ने का कार्य करता है। योग के माध्यम से स्वस्थ, सकारात्मक और संगठित समाज का निर्माण संभव है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली परंपरा है, जिसकी स्वीकार्यता आज पूरी दुनिया में बढ़ रही है। योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, तनावमुक्त और संतुलित बनाती है।

कार्यक्रम के समापन पर नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई।

प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्माकुमारी, गायत्री परिवार, पतंजलि योगपीठ, छत्तीसगढ़ योग आयोग सहित विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।

इस अवसर पर स्वस्थ, जागरूक, नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संदेश दिया गया।

