सीसीटीवी मुखबिर और तकनीकी जांच के दम पर बिलासपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता तीन वारदातों का हुआ खुलासा…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर महिलाओं के गले से सोने की चैन झपटकर फरार होने वाले अंतर्राज्यीय अपराधियों के संगठित गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उड़ीसा से आकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से बिलासपुर में डेरा जमाकर वारदातों को अंजाम देने वाले इस गिरोह ने थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाएं की थीं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी भी जप्त कर ली है, जबकि गिरोह के अन्य तीन सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को थाना तोरवा क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह घर के बाहर साफ-सफाई करते समय स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसके गले से सोने की चैन छीन ली और फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें बिना नंबर की नीली स्कूटी पर सवार संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं। इसी बीच सिरगिट्टी क्षेत्र में भी एक महिला के साथ मारपीट कर चैन लूटने की घटना सामने आई। दोनों मामलों के फुटेज और अपराधियों के हुलिए का मिलान करने पर पुलिस को यह स्पष्ट हो गया कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है।
स्थानीय युवक ने दिया अपराधियों को ठिकाना
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गणेश नगर सिरगिट्टी में दबिश देकर नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने उड़ीसा से अपने साथियों को बुलाकर अपने घर में ठहराया था और सभी मिलकर चैन स्नैचिंग तथा लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में महिलाओं के साथ हुई तीन घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
कई राज्यों में फैला है गिरोह का नेटवर्क
विवेचना में सामने आया है कि यह गिरोह उड़ीसा से निकलकर विभिन्न राज्यों में स्थानीय सहयोगियों की मदद से महिलाओं को निशाना बनाता था। गिरोह सुनसान इलाकों और अकेली महिलाओं की रेकी कर चैन स्नैचिंग, झपटमारी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। मामले में पुलिस ने संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं, जिससे आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
गिरफ्तार आरोपी:-
शिव सिंह (28 वर्ष), राउरकेला, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा)
शक्ति प्रसाद (20 वर्ष), गंगाधर नगर, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा)
नवीन साहू (32 वर्ष), गणेश नगर, सिरगिट्टी, बिलासपुर
प्रमोद सिंह (30 वर्ष), रायभोगा, जिला सुंदरगढ़ (उड़ीसा)
अतुल मुंडा (18 वर्ष), सिगमेड़ा, उड़ीसा
बसंता खड़िया (20 वर्ष), जिला संबलपुर (उड़ीसा)।
जप्ती:-
घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद स्कूटी
पुलिस की नागरिकों से अपील
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में बाहर से आकर रहने वाले व्यक्तियों की जानकारी निकटतम थाना या पुलिस को अवश्य दें। समय पर मिली सूचना से संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकती है और इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलती है।
महिलाओं को आसान शिकार समझने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने की कार्रवाई रहेगी जारी…

