इलाज के दौरान सिम्स में मौत…
तिहरे हत्याकांड के दोषी ने बैरक में किया खूनी हमला कटघरे में जेल प्रशासन…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] केंद्रीय जेल बिलासपुर में मंगलवार सुबह हुई एक सनसनीखेज हत्या ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। जेल की ई-वन बैरक में बंद एक विचाराधीन कैदी की दूसरे बंदी ने सीमेंट के भारी ढक्कननुमा पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल बंदी ने सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार कोटा क्षेत्र के दवनपुर निवासी नीलू जगत वर्ष 2024 से पॉक्सो एक्ट के मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में केंद्रीय जेल में निरुद्ध था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बैरक में कुछ बंदी लूडो खेल रहे थे, जबकि नीलू पास में आराम कर रहा था।

इसी दौरान तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहा कैदी राजेश राय अचानक वहां पहुंचा और अपने हाथ में मौजूद सीमेंट के ढक्कननुमा पत्थर से नीलू के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने लगातार कई वार किए, जिससे नीलू लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद जेल कर्मियों ने उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल:-
जेल के भीतर हुई इस वारदात ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि उच्च सुरक्षा वाली बैरक के भीतर इतना भारी सीमेंट का पत्थर आरोपी तक कैसे पहुंचा? बैरक में मौजूद सुरक्षा निगरानी व्यवस्था उस समय क्या कर रही थी..? यदि एक सजायाफ्ता खूंखार कैदी खुलेआम दूसरे बंदी पर जानलेवा हमला कर सकता है, तो जेल के भीतर बंदियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा..?
यह घटना न केवल जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सुरक्षा प्रबंधन में संभावित लापरवाही की ओर भी संकेत करती है। अब सभी की निगाहें पुलिस और जेल प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
मुख्य बिंदु हत्या मंगलवार सुबह करीब 9 बजे हुई:-
- मृतक नीलू जगत पॉक्सो एक्ट के मामले में विचाराधीन बंदी था।
- आरोपी राजेश राय तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहा है।
- सीमेंट के ढक्कननुमा पत्थर से सिर पर हमला किया गया।
- सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान बंदी की मौत हुई।
- सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में।
केंद्रीय जेल बना मौत का अड्डा! बैरक में कैदी की हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह फेल जेल के भीतर खूनी खेल: तिहरे हत्याकांड के दोषी ने बंदी का सिर कुचला, प्रशासन बेखबर हाई सिक्योरिटी जेल में हत्या से हड़कंप, आखिर कैदी के हाथ कैसे पहुंचा जानलेवा पत्थर?
जेल प्रशासन की बड़ी चूक..? बैरक में हुई हत्या ने खोली सुरक्षा इंतजामों की पोल
सलाखों के पीछे भी सुरक्षित नहीं जिंदगी: केंद्रीय जेल में बंदी की निर्मम हत्या

