केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सोनपैरी के कबीर जयंती महोत्सव में हुए शामिल
आस्था का उमड़ा सैलाब…
संत विचारों का किया आह्वान…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सोनपैरी संत शिरोमणि कबीरदास जी की जयंती के पावन अवसर पर सोनपैरी स्थित कबीर आश्रम में आयोजित भव्य ‘कबीर जयंती महोत्सव’ श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने सहभागिता करते हुए संत कबीरदास जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके विचारों को आज के समाज के लिए मार्गदर्शक बताया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि संत कबीरदास जी के विचार सामाजिक समरसता, समानता, सत्य और मानवता के शाश्वत पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को भेदभाव, आडंबर और कुरीतियों से ऊपर उठकर प्रेम, सदाचार एवं सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कबीरदास जी के दोहे केवल साहित्य की अमूल्य धरोहर नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले प्रेरणास्रोत हैं, जो आज भी समाज को एकता, समान अवसर और मानवीय मूल्यों की राह दिखाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान संत कबीरदास जी के जीवन, दर्शन और सामाजिक योगदान पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर संत कबीरदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।

श्रद्धा, आध्यात्मिकता और सामाजिक चेतना से ओतप्रोत यह महोत्सव संत कबीरदास जी के सार्वकालिक संदेशों को जनमानस तक पहुँचाने का प्रेरणादायी माध्यम बना।

