बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जगतार सिंह के रूप में हुई है। उनका शव कॉलोनी के पास औंधे मुंह पड़ा मिला, जबकि घटनास्थल के आसपास उनके जूते और पैंट पड़े हुए थे। कुछ दूरी पर उनकी स्कूटी भी खड़ी मिली, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया।

जानकारी के अनुसार, परिजनों ने एक दिन पहले ही जगतार सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट चकरभाठा थाने में दर्ज कराई थी। अगले ही दिन उनका शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने आशंका जताई है कि बुजुर्ग के साथ कोई अप्रिय घटना हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

