व्यापारियों की एकजुटता व सरकार के प्रति प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने जताया आभार…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का तृतीय प्रांतीय सराफा महासम्मेलन संगठन की एकता, विश्वास और शक्ति का ऐतिहासिक प्रतीक बनकर उभरा। प्रदेशभर से पहुंचे सराफा व्यापारियों, पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की अभूतपूर्व उपस्थिति ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
महासम्मेलन में एसोसिएशन ने पिछले दो वर्षों की उल्लेखनीय उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि संगठन आज 125 से अधिक सक्रिय इकाइयों के साथ प्रदेश के सबसे सशक्त व्यापारी संगठनों में शामिल हो चुका है। अब संगठन ने 251 इकाइयों तक विस्तार का लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रदेश के प्रत्येक जिले एवं तहसील तक अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने का संकल्प लिया है।
सम्मेलन में ऑपरेशन गोल्ड, व्यापारी सुरक्षा, BIS हॉलमार्किंग के प्रति जागरूकता, व्यापारिक हितों के संरक्षण तथा प्रदेश में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इन योजनाओं को भविष्य में सराफा व्यापार के विकास की मजबूत आधारशिला बताया गया।
महासम्मेलन का सबसे महत्वपूर्ण क्षण तब आया, जब उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं उपमुख्यमंत्री तथा गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंच से ही सराफा व्यापारियों की प्रमुख मांगों पर त्वरित सकारात्मक घोषणा की। सरकार की इस संवेदनशील एवं सकारात्मक पहल का उपस्थित व्यापारियों ने जोरदार स्वागत किया।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने दोनों उप मुख्यमंत्रियों, प्रशासन एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा मंच से ही व्यापारियों की मांगों को स्वीकार करना सराफा समाज के प्रति उसके विश्वास और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के हजारों सराफा व्यापारियों के हित में मील का पत्थर साबित होगा।

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने महासम्मेलन को सफल बनाने वाले सभी पदाधिकारियों, जिला एवं तहसील इकाइयों, सदस्यों तथा पूरे सराफा परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के सराफा समाज की एकजुटता, समर्पण और उज्ज्वल भविष्य का ऐतिहासिक संदेश है।
एकता हमारी ताकत संगठन हमारी पहचान लक्ष्य 251 इकाइयाँ” के संकल्प के साथ महासम्मेलन का समापन हुआ जिसने संगठन को नई ऊर्जा नई दिशा और नए लक्ष्य की ओर अग्रसर कर दिया।

