एसएसपी रजनेश सिंह की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत तोरवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर महिला संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई की अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को आगे बढ़ाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना तोरवा पुलिस ने शादी का झूठा झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता पूर्व में बिलासपुर स्थित एक पेट्रोल पंप में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी पहचान गौरेला निवासी सागर राठौर से हुई। आरोपी ने विवाह का झूठा आश्वासन देकर युवती का विश्वास जीता और इसी आधार पर लगातार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब पीड़िता ने विवाह की बात की तो आरोपी ने साफ तौर पर शादी से इंकार कर दिया।
इसके बाद पीड़िता ने थाना गौरेला में शिकायत दर्ज कराई। जांच में घटना का क्षेत्राधिकार थाना तोरवा का पाया गया, जिसके चलते गौरेला पुलिस ने शून्य (जीरो) पर अपराध दर्ज कर मामला थाना तोरवा स्थानांतरित किया।
थाना तोरवा में 1 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 362/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश और थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम तत्काल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही रवाना की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी सागर राठौर (19 वर्ष), निवासी नवापारा स्कूल के पास, थाना गौरेला, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 2 जुलाई 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी रजनेश सिंह की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा रहा है।

