बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर/ कोटा खेत समतलीकरण के नाम पर किसान से 9 लाख रुपये की ठगी और जबरन वसूली कर फरार हुए अंतरराज्यीय गिरोह का कोटा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी पूर्व में रतनपुर थाना क्षेत्र में दर्ज बकरी चोरी के मामले में भी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस ने ठगी की पूरी 9 लाख रुपये की राशि बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोटा में श्रीपारा निवासी रामनारायण पोर्ते ने 23 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने खेत समतलीकरण कराने का झांसा देकर उससे 9 लाख रुपये ऐंठ लिए और बाद में जबरन वसूली कर फरार हो गए। शिकायत पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 524/2026 के तहत धारा 318(4), 61(2), 112, 308, 313 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि इसी गिरोह के सदस्य रतनपुर थाना के बकरी चोरी प्रकरण में पहले से गिरफ्तार हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने खेत समतलीकरण के नाम पर किसान से ठगी करने का अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू खान (57), अमूर खान (66), अमीन खान (41), हबीब खान (35), शाहरुख खान (22) निवासी उमरिया, थाना गोराबाजार, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) तथा मोहम्मद अच्छन (33) निवासी रजकपुर, जिला अमरोहा (उत्तरप्रदेश) शामिल हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।
पूरे मामले के खुलासे में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक गोपाल खांडेकर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक अनिल साहू, शैलेन्द्र साहू और सुनील पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

