सहकारिता सप्ताह में पर्यावरण का संकल्प: सलका नवागांव में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत आज
सेवा सहकारी समिति सलका नवागांव में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, बिलासपुर के नोडल अधिकारी आशीष दुबे ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आशीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली)।के दृष्टिकोण से प्रेरित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान हर नागरिक को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान भावनात्मक जुड़ाव और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का अनूठा संगम है, जो वृक्षारोपण को व्यक्तिगत ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करता है।
उन्होंने कहा जिस तरह माँ हमें जीवन, स्नेह, संरक्षण और सुरक्षा देती है, उसी तरह पेड़ भी जीवनदायी होते हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर सहकारिता विस्तार अधिकारी दुर्गेश साहू, समिति अध्यक्ष विनोद विश्वकर्मा, शाखा प्रबंधक वीरेंद्र विक्रम सिंह, पर्यवेक्षक
मनहरण साहू, समिति प्रबंधक केशव देवांगन, नारायण साहू, रविशंकर साहू, हेमंत प्रजापति, अभिषेक तिवारी सहित शाखा एवं समिति के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

