खूंटाघाट बांध के चौकीदार पर स्कॉर्पियो से रास्ता रोककर किया जानलेवा हमला रतनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई…
बिलासपुर/रतनपुर {जनहित न्यूज़}
खूंटाघाट बांध में मछली चोरी के दौरान पकड़े जाने की रंजिश एक चौकीदार की हत्या का कारण बन गई। रतनपुर थाना क्षेत्र में बांध की सुरक्षा में तैनात चौकीदार तिरिथ राम यादव की स्कॉर्पियो से रास्ता रोककर डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए तीनों आरोपियों को रतनपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को श्याम सिंह पोर्ते ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह और तिरिथ राम यादव खूंटाघाट बांध में चौकीदारी का कार्य करते थे। कुछ दिन पहले बांध की रखवाली के दौरान उन्होंने नवागांव निवासी कान्हा उर्फ गोलू धीवर और अनिश उर्फ छोटू धीवर को मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था। इस दौरान तिरिथ राम ने चोरी का वीडियो भी बना लिया था, जिससे नाराज आरोपियों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया था। बाद में थाने में शिकायत होने पर मोबाइल बनवाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया गया, लेकिन आरोपियों ने रंजिश पाल ली।

पुलिस जांच में सामने आया कि 11 जुलाई की रात तिरिथ राम यादव और श्याम सिंह पोर्ते मोटरसाइकिल से खूंटाघाट बांध ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी कान्हा उर्फ गोलू धीवर, अनिश उर्फ छोटू धीवर और शुभम प्रधान अपनी स्कॉर्पियो से रास्ता रोककर खड़े हो गए। वाहन की टक्कर से दोनों चौकीदार गिर पड़े, जिसके बाद आरोपियों ने डंडों से हमला कर दिया। श्याम सिंह किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग निकले, जबकि तीनों आरोपियों ने तिरिथ राम यादव की बेरहमी से हत्या कर दी।
मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। उनके निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:-
कान्हा धीवर उर्फ गोलू (34 वर्ष)
अनिश धीवर उर्फ छोटू (22 वर्ष)
शुभम प्रधान उर्फ शोभू (21 वर्ष)
तीनों आरोपी नवागांव (गिरजाबंद), थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के निवासी हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, आरक्षक आकाश डोंगरे, पवन सिंह एवं धीरज कश्यप की विशेष भूमिका रही।

