अन्य दो फरार…!
थाना बिल्हा पुलिस की त्वरित कार्रवाई…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिल्हा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब घर की दीवार से सटाकर मकान बनाने की बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम डोडकी निवासी रमेश कुमार कोसले (35) ने 13 जुलाई 2026 को थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच दीवार से हटकर मकान बनाने की बात को लेकर रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव ने एक राय होकर उसके तथा उसके पिता अंजोरदास को गाली-गलौज करते हुए डंडों से हमला कर दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से प्राणघातक हमला किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी बिल्हा ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। दबिश के दौरान आरोपी सोहन यादव (60 वर्ष) निवासी ग्राम डोडकी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपने पुत्र के साथ मिलकर मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर 14 जुलाई को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य आरोपी रामू यादव और रामजीवन यादव घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

