जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और स्वच्छ शहर पर दिया विशेष जोर…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
नगर पालिक निगम बिलासपुर के कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्पष्ट कर दिया है कि अब जनसमस्याओं से जुड़े आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतें लंबित मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को निगम के दृष्टि सभा कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में निगम कमिश्नर ने सभी विभाग प्रमुखों, जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं एवं स्वच्छता निरीक्षकों के साथ विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, कलेक्टर टीएल, जनदर्शन, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), पीजीएन सहित अन्य जनशिकायतों के लंबित मामलों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कमिश्नर श्री सर्वे ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए हर शिकायत का समाधान तय समय में किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की गई। नियमित कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और मॉनिटरिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च जिम्मेदारियों में शामिल है।

समीक्षा बैठक में उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले जवाब समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक कठिनाई उत्पन्न न हो।
इसके अलावा सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी लंबित मामलों का शीघ्र और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में 18 जुलाई 2026 को प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पौधों की उपलब्धता, स्थल चयन, गड्ढों की तैयारी, सिंचाई व्यवस्था और पौधों के संरक्षण की विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने कहा कि अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहे, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में निगम के सभी विभाग प्रमुख, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, स्वच्छता निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

