350 से अधिक प्राचार्यों व स्कूल प्रबंधकों की कार्यशाला यातायात दिग्दर्शिका का विमोचन स्कूलों में संदेश पटल लगाने के निर्देश…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने और स्कूली बच्चों में सुरक्षित यातायात की आदत विकसित करने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के शासकीय, अर्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्यों और स्कूल प्रबंधकों की विशेष कार्यशाला आयोजित की। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बैठक में सड़क सुरक्षा के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए स्कूल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यशाला में एसएसपी ने उच्चतम न्यायालय की 18 बिंदुओं वाली गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा स्कूल परिवहन, परिसर और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में सभी स्कूलों को निर्देशित किया गया कि वे विद्यालय में एक स्थायी सड़क सुरक्षा संदेश पटल स्थापित करें, जिसमें यातायात नियम, सड़क दुर्घटनाओं के कारण, उनके दुष्परिणाम तथा नियमों के उल्लंघन पर मिलने वाले दंड और जुर्माने की जानकारी प्रदर्शित की जाए। इसका उद्देश्य छात्रों और अभिभावकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
एसएसपी ने स्कूल प्रबंधन को यह भी निर्देश दिए कि स्कूल परिसर और उसके आसपास किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाना पुलिस को दी जाए। साथ ही नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल उपकरणों के दुरुपयोग पर प्रभावी निगरानी रखने तथा उन्हें किसी भी असामाजिक गतिविधि से दूर रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
कार्यशाला की विशेष उपलब्धि यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा तैयार यातायात दिग्दर्शिका’ का विमोचन रहा।

इस पुस्तिका के आधार पर अब जिले के सभी विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार यातायात की पाठशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और सुरक्षित परिवहन संबंधी जानकारी दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय थाना एवं यातायात पुलिस के अधिकारी भी इन कक्षाओं में सहभागिता करेंगे।

स्कूलों को यह भी निर्देशित किया गया कि विद्यालय से 100 मीटर के दायरे में कोटपा एक्ट के प्रावधानों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करते हुए तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अपने अधिकारों का उपयोग करें।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, डीएसपी शिव चरण परिहार, आरआई भूपेंद्र गुप्ता सहित जिलेभर के 350 से अधिक प्राचार्य एवं स्कूल प्रबंधक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए सड़क सुरक्षा को विद्यालयीन शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

