महिला हॉस्टल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का लिया जायजा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने बुधवार को नूतन चौक स्थित निवेदिता कामकाजी महिला हॉस्टल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हॉस्टल में रह रही महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव सुने तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने हॉस्टल में आवश्यक मरम्मत, नवीनीकरण एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने तथा सभी सुविधाओं की सतत निगरानी करने पर विशेष जोर दिया।

निगम कमिश्नर ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि हॉस्टल की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और रहवासियों की शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के बाद आयुक्त श्री सर्वे ने परिसर में शासकीय अनुदान प्राप्त निजी संस्था द्वारा संचालित मूकबधिर एवं श्रवणबाधित छात्राओं के आवासीय छात्रावास का भी दौरा किया। उन्होंने छात्राओं से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।

छात्रावास की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित प्रबंधन को सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़, संवेदनशील एवं छात्रा हितैषी बनाने के निर्देश दिए।

आयुक्त के इस निरीक्षण को महिला सुरक्षा, बेहतर आवासीय सुविधाओं और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे कामकाजी महिलाओं एवं दिव्यांग छात्राओं को भविष्य में अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है।

