‘मोर बिजली’ ऐप में जुड़ी खपत पूर्वानुमान सुविधा उपभोक्ता रियल-टाइम में रख सकेंगे बिजली उपयोग पर नजर…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) प्रदेश की बिजली व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने की दिशा में तेजी से स्मार्ट मीटर प्रणाली का विस्तार कर रही है। स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं को अब बिजली खपत की रियल-टाइम जानकारी मिलेगी, जिससे वे अपने उपयोग पर बेहतर नियंत्रण रखते हुए अनावश्यक बिजली खर्च को कम कर सकेंगे।
स्मार्ट मीटर तकनीक से मीटर रीडिंग पूरी तरह डिजिटल होगी, जिससे मानवीय त्रुटियों की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी। इसके साथ ही बिलिंग प्रक्रिया अधिक सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी। उपभोक्ता मोबाइल के ‘मोर बिजली’ ऐप के माध्यम से दैनिक और मासिक बिजली खपत की निगरानी कर सकेंगे तथा ऊर्जा बचत के लिए समय रहते आवश्यक निर्णय ले पाएंगे।
कंपनी ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए ऐप में ‘खपत पूर्वानुमान (Consumption Forecast)’ जैसी नई सुविधा भी जोड़ी है। इस फीचर के माध्यम से उपभोक्ता वर्तमान माह की अनुमानित बिजली खपत देख सकेंगे। साथ ही पिछले माह, पिछले वर्ष और वर्तमान माह की खपत का तुलनात्मक विश्लेषण भी आसानी से उपलब्ध होगा। उपभोक्ता पिछले वर्ष के समान माह की बिजली खपत से तुलना कर अपने उपयोग का आकलन कर सकेंगे और निर्धारित सीमा के भीतर बिजली उपयोग सुनिश्चित कर अतिरिक्त खर्च से बच सकेंगे।

स्मार्ट मीटर प्रणाली से बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण, लाइन लॉस में कमी तथा वितरण व्यवस्था की दक्षता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। इससे उपभोक्ताओं को अधिक भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध होंगी।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी का कहना है कि स्मार्ट मीटर परियोजना का उद्देश्य प्रदेश की विद्युत वितरण व्यवस्था को डिजिटल युग के अनुरूप सशक्त बनाते हुए उपभोक्ताओं को तकनीक आधारित, पारदर्शी और विश्वसनीय बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में यह व्यवस्था बिजली प्रबंधन को अधिक प्रभावी और उपभोक्ताओं के लिए सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

