ढाबा संचालक को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश छह आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सकरी थाना क्षेत्र में मोबाइल की सीसीटीवी फुटेज देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा हमले तक पहुंच गया। छह युवकों ने कथित तौर पर ढाबा संचालक और उसके कर्मचारियों के साथ मारपीट की, पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया तथा चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सकरी में दर्ज अपराध क्रमांक 661/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रार्थी इस्माइल खान उर्फ सोनू (31) निवासी भूण्डा, थाना कोटा ने शिकायत दर्ज कराई कि 13 जुलाई की रात संकेत कुमार जायसवाल अपने साथियों के साथ उसके ढाबे में भोजन करने आया था। अगले दिन वह अपने साथियों के साथ यह कहते हुए लौटा कि उसका मोबाइल ढाबे में छूट गया है और सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग करने लगा।
शिकायत के अनुसार, करीब 45 मिनट तक फुटेज देखने के बाद मोबाइल दिखाई नहीं देने पर आरोपियों ने ढाबे के मिस्त्री विनोद कुमार टोंडे से मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया, लेकिन इसी विवाद की रंजिश में 15 जुलाई की सुबह करीब 10:20 बजे आरोपी चार अन्य साथियों के साथ फिर ढाबे पहुंचे।
आरोप है कि सभी ने मिलकर ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की, पेट्रोल छिड़ककर लाइटर से आग लगाने का प्रयास किया तथा बटनदार चाकू और अन्य हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर संकेत कुमार जायसवाल उर्फ छोटू, राजवीर बाबरा, लारेन फ्रांसिस, राहुल गहरवरिया, आर्यन दुबे उर्फ तुषार और राहुल श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू सहित अन्य सामान जब्त कर लिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया है।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

