प्रेस क्लब के “हमर पहुना” कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री ने साझा किया संघर्ष से सफलता तक का सफर…
एयरपोर्ट विस्तार बाइपास रेलवे अरपा संरक्षण और आवास योजनाओं का रखा विस्तृत रोडमैप…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम “हमर पहुना” में गुरुवार को एक ऐसा क्षण देखने को मिला, जब गांव के एक साधारण पंच से लेकर देश की केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनने तक का प्रेरक सफर तय करने वाले केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू पत्रकारों के बीच “पहुना” बनकर पहुंचे। यह कार्यक्रम केवल संवाद का मंच नहीं रहा, बल्कि संघर्ष, जनसेवा और विकास की सोच का जीवंत दस्तावेज बन गया। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा एवं पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर केंद्रीय मंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद हुए प्रश्नोत्तर सत्र में तोखन साहू ने अपने राजनीतिक जीवन के ऐसे कई अनछुए पहलुओं को साझा किया, जिन्हें सुनकर उपस्थित पत्रकारों ने उनके संघर्षपूर्ण सफर को करीब से महसूस किया।

उन्होंने बताया कि उनका राजनीतिक जीवन किसी राजनीतिक विरासत से नहीं, बल्कि एक साधारण ग्रामीण परिवार और निजी क्षेत्र में अकाउंटेंट की नौकरी से शुरू हुआ। सबसे पहले पंच का चुनाव जीतकर उन्होंने जनसेवा की शुरुआत की और फिर सरपंच, जनपद सदस्य, विधायक, सांसद से होते हुए केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनने तक का सफर तय किया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन को दिया। राज्य मंत्री बनने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से आए एक अप्रत्याशित फोन कॉल ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने प्रत्येक सहयोगी की कार्यशैली, क्षेत्र और पृष्ठभूमि की गहरी जानकारी रखते हैं, जिसने उन्हें अत्यंत प्रभावित किया।

बिलासपुर के विकास का विजन
तोखन साहू ने बिलासपुर को लेकर कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए लगभग 290 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी गई है तथा नाइट लैंडिंग सुविधा भी सुनिश्चित हो चुकी है, जिससे भविष्य में हवाई सेवाओं का विस्तार होगा।
रेलवे क्षेत्र में उन्होंने बताया कि 58 ट्रेनों के स्टॉपेज पुनः बहाल किए गए हैं। प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप में विकसित किए जा रहे हैं, जबकि 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
शहर की बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए 32 किलोमीटर लंबे बाइपास की डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे आने वाले समय में ट्रैफिक दबाव काफी कम होने की उम्मीद है। अरपा, महामाया कॉरिडोर और आवास योजनाओं पर जोर केंद्रीय मंत्री ने बताया कि रतनपुर महामाया कॉरिडोर, शहर के तालाबों का सौंदर्यीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना और अरपा नदी संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अरपा नदी में गिरने वाले सीवरेज के शोधन के लिए अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की योजना पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों का चयन राज्य सरकार करती है और जैसे ही प्रस्ताव केंद्र सरकार को प्राप्त होते हैं, स्वीकृति प्रक्रिया तेज़ी से पूरी की जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले एक-दो वर्षों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
छत्तीसगढ़ी भाषा और जीवनशैली पर भी रखे विचार
छत्तीसगढ़ी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस दिशा में उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष पहल की है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।
उन्होंने अपनी दिनचर्या का उल्लेख करते हुए बताया कि वे नियमित योग करते हैं, मिलेट आधारित भोजन को प्राथमिकता देते हैं और अपने घर में जैविक खेती को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य, वरिष्ठ पत्रकार तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में पत्रकारों ने हमर पहुना को जनप्रतिनिधियों और मीडिया के बीच सार्थक संवाद का प्रभावी मंच बताते हुए इसकी सराहना की।

