समाजसेवी उद्योगपति प्रवीण झा ने किया उद्घाटन बोले.. आधुनिक तकनीक और रोजगार सृजन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी नई यूनिट …
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सिरगिट्टी औद्योगिक
क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए राज टफ इंडस्ट्रीज में अत्याधुनिक जेट कन्वेक्शन टफेंड ग्लास यूनिट का भव्य शुभारंभ किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के प्रख्यात समाजसेवी एवं फिल ग्रुप के डायरेक्टर प्रवीण झा ने फीता काटकर यूनिट का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने संयंत्र में स्थापित आधुनिक मशीनों का निरीक्षण कर उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों और नवीन तकनीक की जानकारी ली।

नई यूनिट के शुभारंभ को बिलासपुर के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उद्योग प्रबंधन के अनुसार, यहां अत्याधुनिक तकनीक से उच्च गुणवत्ता वाले टफेंड ग्लास का निर्माण किया जाएगा, जिससे छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों की मांग स्थानीय स्तर पर पूरी हो सकेगी। इससे परिवहन लागत में कमी आने के साथ उद्योगों और उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता का उत्पाद उपलब्ध होगा।

यह परियोजना उद्योगपति प्रमोद कुमार गुप्ता, डबलू गुप्ता एवं बबलू गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व और सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जाएंगे।

मुख्य अतिथि प्रवीण झा ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस यह यूनिट न केवल बिलासपुर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में नई पहचान बनाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे उद्योग स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने के साथ ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को भी मजबूती प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में प्रवीण झा ने उद्योग परिवार को शुभकामनाएं देते हुए यूनिट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि यह इकाई गुणवत्ता, नवाचार और उत्कृष्ट उत्पादन के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगी।

इस अवसर पर प्रमोद कुमार गुप्ता, डबलू गुप्ता, बबलू गुप्ता सहित उद्योग जगत के पदाधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने नई यूनिट के शुभारंभ पर उद्योग परिवार को बधाई देते हुए इसके सफल संचालन और निरंतर प्रगति की कामना की।

