पुलिस की आम जनता से अपील…
मृतक से सम्बंधित जानकारी मिलने पर किसी भी नजदीकी थाने को करें सूचित…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत दाधापारा के डाउन रेलवे लाइन के पास गुरुवार शाम एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की हालत अत्यंत गंभीर थी और मृतक का सिर धड़ से अलग मिला। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे दाधापारा के डाउन रेलवे ट्रैक के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक का सिर धड़ से अलग था। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसका शरीर गठीला है। मृतक ने काले रंग की पैंट, नीले रंग की प्रिंटेड हाफ शर्ट तथा पैरों में काले रंग की सैंडल पहन रखी थी।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। साथ ही मृतक के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उक्त हुलिए के व्यक्ति के संबंध में किसी को कोई जानकारी हो, तो तत्काल सिरगिट्टी थाना या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क कर सूचना दें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

