सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करें…!
अंततः
तारबाहर पुलिस ने युवती को कटनी से किया गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती कब ब्लैकमेलिंग के खतरनाक खेल में बदल जाए, इसका ताजा उदाहरण बिलासपुर में सामने आया है। यहां एक युवती ने खुद को लड़का बताकर दूसरी युवती से ऑनलाइन दोस्ती की, भरोसा जीता और फिर उसी भरोसे को हथियार बनाकर अश्लील वीडियो के जरिए 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगने लगी। पैसे नहीं मिलने पर आरोपी ने वीडियो पीड़िता के भाई के व्हाट्सएप पर भेज दिया। शिकायत के बाद तारबाहर पुलिस ने मध्य प्रदेश के कटनी से आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, तारबाहर क्षेत्र निवासी एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहन की लंबे समय से मोबाइल पर एक ऐसे व्यक्ति से बातचीत हो रही थी, जिसने अपनी पहचान लड़के के रूप में बताई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच विश्वास कायम हुआ। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर दबाव बनाकर पीड़िता से अश्लील वीडियो हासिल कर लिया। इसके बाद शुरू हुआ सिलसिला।
ब्लैकमेलिंग का रचा जाल:-

आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपए की मांग की। जब परिवार ने रकम देने से साफ इनकार कर दिया तो आरोपी ने धमकी को अंजाम देते हुए वीडियो पीड़िता के भाई के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया।
वीडियो देखते ही युवक ने उसे तुरंत डिलीट कर दिया, लेकिन सबूत के तौर पर स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत में यह भी सामने आया कि जिस समय वीडियो भेजा गया था, उस दौरान उसका पुराना मोबाइल गुम हो गया था। बाद में उसी नंबर की सिम नए मोबाइल में लगाने पर व्हाट्सएप के जरिए भेजे गए वीडियो की जानकारी मिली।
तारबाहर पुलिस ने साइबर जांच के आधार पर आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के कटनी जिले के शास्त्री नगर निवासी स्नेहा मोगरिया के रूप में की। पुलिस टीम ने कटनी पहुंचकर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इस तरह की वारदात किसी संगठित गिरोह के साथ मिलकर की या फिर इसके पीछे कोई और भी शामिल है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और निजी फोटो या वीडियो साझा करने से पहले पूरी सतर्कता बरतें।

