बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि संत गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक हैं। उनके विचार आज भी सामाजिक समानता, न्याय और भाईचारे की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर समरसता दीप महोत्सव से होगी, जिसके तहत देशभर के मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा कलश वंदन अभियान के माध्यम से गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली श्री गुरु रविदास जन्मस्थली मंदिर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश प्रदेश, जिला, मंडल और गांव स्तर तक पहुंचाए जाएंगे।

धरमलाल कौशिक ने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक सचखंड बल्ला (जालंधर) से सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक श्री गुरु रविदास समरसता यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प की मूल भावना गुरु रविदास के विचारों में निहित है और यह अभियान सामाजिक समरसता के साथ विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन बनेगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से गुरु रविदास के बताए मार्ग पर चलकर समानता, सौहार्द और सर्वजन कल्याण की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष बिलासपुर शहर दीपक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा, मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

