कोटा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी दो आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर/कोटा-{जनहित न्यूज़}
पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। ग्राम खुरदूर में 42 वर्षीय सिदेशी बघेल की हत्या के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित बाँस का डंडा और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 29 जुलाई 2026 की रात करीब 9:10 बजे ग्राम खुरदूर स्थित विकास किराना स्टोर के सामने दुकान के सामान और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि सिदेशी बघेल पर बाँस के डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोटा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर संदेहियों से पूछताछ की गई।

विवेचना के दौरान निखिल यादव (23) निवासी कलारतराई, बजरंग चौक, थाना कोटा तथा अंकुश रजक (22) निवासी ग्राम खुरदूर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और मेमोरेंडम कथनों के आधार पर आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित बाँस का डंडा और खून से सने कपड़े बरामद किए गए।
पुलिस ने पूरी जब्ती और मेमोरेंडम की कार्रवाई की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कर डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय तथा थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
जनहित न्यूज़ का संदेश…
छोटे-छोटे विवाद यदि समय रहते संवाद और संयम से नहीं सुलझाए जाएं, तो वे अपूरणीय क्षति का कारण बन सकते हैं। क्षणिक आवेश में उठाया गया हिंसक कदम न केवल एक परिवार को उजाड़ देता है, बल्कि कई जिंदगियों को कानून के शिकंजे में भी पहुंचा देता है।

