प्राचार्या निवेदिता सरकार बोली…
संयुक्त राष्ट्र और विभिन्न लोकतांत्रिक मंचों की कार्यप्रणाली पर सभी छात्रों ने किया प्रभावशाली प्रदर्शन…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) कार्यक्रम का समापन शनिवार को उत्साह, जोश और देशभक्ति के नारों के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संसद, संयुक्त राष्ट्र और विभिन्न लोकतांत्रिक मंचों की कार्यप्रणाली का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और वक्तृत्व कौशल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। समापन समारोह की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा रहीं।

विशिष्ट अतिथियों में बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, छत्तीसगढ़ सर्राफा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, पार्षद आंचल दुबे, भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष लखन वाधवानी तथा पत्रकार नीरज मखीजा शामिल रहे। सभी अतिथियों का विद्यालय की प्राचार्या निवेदिता सरकार एवं तपोशी सरकार ने ग्रीन बुके भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सीमा भट्टाचार्य द्वारा राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद महापौर पूजा विधानी ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के उद्घोष के साथ की। उन्होंने कहा कि किसी भी जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाने के लिए केवल क्षमता और योग्यता ही नहीं, बल्कि सेवा भावना भी उतनी ही आवश्यक है।

मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस मंच पर उन्हें लोकतंत्र के वर्तमान से भविष्य की ओर बढ़ते हुए भावी नेताओं की झलक देखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे प्रतिद्वंद्वियों के प्रति भी सहयोग, सद्भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना बनाए रखें। उनके प्रेरणादायी संबोधन ने पूरे सभागार में सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न समितियों के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विधानसभा समिति में प्रगति चंद्र, बबीता, भूपेश बघेल, चरणदास महंत, विजय शर्मा, अरुण साव एवं उमेश पटेल की भूमिका निभाने वाले विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। लोकसभा समिति में अभिनव गौड़ा (राहुल गांधी), सौभाग्य मिश्रा (धर्मेंद्र प्रधान), अश्विनी वैष्णव, किरण, शिवराज सिंह चौहान एवं के.सी. वेणुगोपाल की भूमिका निभाने वाले प्रतिभागियों ने अपनी तर्कशक्ति और वक्तृत्व कला से प्रभावित किया। वहीं यूएनजीए में सिद्धि केसरवानी, नूपुर और राशि सरकार ने अमेरिका, चीन, लक्ज़मबर्ग सहित विभिन्न देशों का प्रभावी प्रतिनिधित्व किया। आईपीएल समिति में शिवम, प्रीतेश और सक्षम ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।















कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ कैमरामैन का सम्मान ऋषु अटरानी तथा सर्वश्रेष्ठ रिपोर्टर का सम्मान मौली करोसिया को प्रदान किया गया। सभी विजेता प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया।

समारोह का एक विशेष आकर्षण प्रसिद्ध रेखाचित्र कलाकार नरेंद्र कुमार पटेल रहे, जिन्होंने अपनी अद्भुत कला का प्रदर्शन करते हुए कुछ ही मिनटों में रेखाओं के माध्यम से जीवंत चित्र उकेरकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विद्यालय की प्राचार्या निवेदिता सरकार ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करते हैं तथा भविष्य के सक्षम नेताओं को तैयार करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं ऊर्जावान संचालन अलंकृता ने किया। समापन अवसर पर स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।
विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से यह दो दिवसीय आयोजन अत्यंत सफल, प्रेरणादायी और यादगार बन गया।

