बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिलासपुर शहर जिला उपाध्यक्ष महर्षि बाजपेयी को भाजयुमो बिलासपुर मध्य मंडल का प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
महर्षि बाजपेयी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के सक्रिय, समर्पित और ऊर्जावान कार्यकर्ता के रूप में संगठन की विभिन्न गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। संगठनात्मक कार्यक्रमों, सामाजिक अभियानों तथा युवाओं के बीच उनकी सक्रिय भागीदारी को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक गलियारों में उन्हें बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के करीबी नेताओं में भी माना जाता है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर महर्षि बाजपेयी ने बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता सहित प्रदेश एवं जिला संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता मध्य मंडल में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय जनता युवा मोर्चा से जोड़ना तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगी।

महर्षि बाजपेयी की नियुक्ति पर भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिलासपुर मध्य मंडल में युवा मोर्चा का संगठन और अधिक सक्रिय, सशक्त और प्रभावी रूप से कार्य करेगा।

