बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी में मंगलवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मकान की छत पर पहुंचे दो युवकों की हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले एक युवक करंट की चपेट में आया, जिसे बचाने के लिए दूसरा युवक दौड़ा, लेकिन वह भी तेज करंट की गिरफ्त में आ गया। कुछ ही पलों में दोनों की जिंदगी खत्म हो गई।
घटना पत्रकार कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल वाली गली के पास की है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी कारणवश मकान की छत पर पहुंचे थे। इसी दौरान वे ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। समाचार लिखे जाने तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हादसा हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से हुआ है। हालांकि दोनों युवक छत पर किस उद्देश्य से पहुंचे थे और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पत्रकार कॉलोनी सहित पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने आबादी के बेहद करीब से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।

