उद्योग शिक्षा और कैदियों की सुविधाओं को मिली नई उड़ान आधुनिक मशीनों से लेकर स्मार्ट बोर्ड तक कई अहम मंजूरियां….
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर केंद्रीय जेल बिलासपुर के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने जेल की व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लेते हुए कैदियों के पुनर्वास, कौशल विकास और सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल उद्योग के आधुनिकीकरण, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पेयजल, भोजन व्यवस्था तथा महिला बैरक की सुविधाओं के विस्तार को मंजूरी दी। इस दौरान उन्होंने कैदियों की अंग्रेजी की कक्षा भी ली, उनसे संवाद कर समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी जेल एस.एस. तिग्गा, जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, जेल चिकित्सक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जेल उद्योग और शिक्षा को मिलेगा नया आधार
डीजी जेल ने जेल उद्योग को आधुनिक स्वरूप देने के लिए कलर ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन तथा एलईडी बल्ब एवं ट्यूबलाइट निर्माण इकाई स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की। वहीं कैदियों की शिक्षा को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
कैदियों की सुविधाओं में होगा विस्तार
कैदियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 20 आरओ वाटर प्यूरीफायर, भोजन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऑटोमैटिक रोटी मेकर मशीन तथा 2,000 थाली सेट स्वीकृत किए गए। महिला जेल की विद्युत व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए इन्वर्टर उपलब्ध कराने की भी मंजूरी दी गई।
लाइब्रेरी में बढ़ेगा ज्ञान का दायरा
कैदियों की पढ़ाई और सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेल पुस्तकालय में टाइम्स ऑफ इंडिया, इंडियन एक्सप्रेस, हितवाद सहित अन्य अंग्रेजी समाचार पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें भाषा और समसामयिक विषयों की बेहतर जानकारी मिल सके।
कैदियों की अंग्रेजी कक्षा ली, समस्याएं भी सुनीं
निरीक्षण के दौरान डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने स्वयं कैदियों की अंग्रेजी की कक्षा लेकर उन्हें भाषा सीखने के व्यावहारिक सुझाव दिए। इसके बाद उन्होंने कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीजी जेल बोले सुधार और आत्मनिर्भरता है प्राथमिकता
इस अवसर पर डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने कहा कि जेल केवल सजा का स्थान नहीं, बल्कि सुधार, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का केंद्र भी है। कैदियों को बेहतर सुविधाएं, शिक्षा और कौशल उपलब्ध कराना उनके सफल पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख स्वीकृतियां
जेल उद्योग के लिए कलर ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन।
एलईडी बल्ब एवं ट्यूबलाइट निर्माण के लिए मशीन सेटअप।
शिक्षा व्यवस्था के लिए स्मार्ट बोर्ड।
लाइब्रेरी हेतु अंग्रेजी समाचार पत्र।
20 आरओ वाटर प्यूरीफायर।
ऑटोमैटिक रोटी मेकर मशीन।
महिला जेल के लिए इन्वर्टर।
कैदियों के लिए 2,000 थाली सेट।
डीजी जेल के इस निरीक्षण और घोषणाओं से केंद्रीय जेल बिलासपुर में सुधारात्मक गतिविधियों, कौशल विकास और कैदियों के पुनर्वास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

