ई-साक्ष्य ई-विधि विज्ञान प्रयोगशाला एवं ई-अभियोजन डिजिटल सहित आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शानदार प्रदर्शन 1386 अधिकारी कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण…! नागरिकों को भी कानूनों के प्रति किया जा रहा जागरूक…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और डिजिटल पुलिसिंग को मजबूती देने की दिशा में बिलासपुर पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। 1 जुलाई 2024 से लागू नए आपराधिक कानूनों के तहत जिले में विवेचना प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाने के लिए कई आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। इसके साथ ही आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और नए कानूनों की जानकारी देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है।
बिलासपुर पुलिस ने जिले के सभी थानों और चौकियों में eSakshya, eSummons, eMalkhana, MedLeaPR, eFSL और eProsecution जैसी आधुनिक डिजिटल प्रणालियों को सफलतापूर्वक लागू किया है। इन प्रणालियों के प्रभावी संचालन के लिए 1386 अधिकारी एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जबकि पुलिस मुख्यालय और मास्टर ट्रेनरों द्वारा नियमित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया।
डिजिटल पुलिसिंग के क्षेत्र में बिलासपुर जिले ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दर्ज की हैं। eSakshya के माध्यम से 13,737 SID तैयार किए गए तथा 9,656 एफआईआर को डिजिटल साक्ष्यों से जोड़ा गया, जिससे जिले को प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। eFSL पोर्टल के जरिए 349 प्रकरण ऑनलाइन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए, वहीं eProsecution प्रणाली में 1081 मामलों की ऑनलाइन प्रविष्टि कर बिलासपुर ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया।
इसके अलावा CCTNS के माध्यम से 1,31,957 मालखाना प्रविष्टियां, 16,110 न्यायालय निर्णय पत्रकों की ऑनलाइन एंट्री, 2543 एमएलसी एवं 179 पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त की गईं। ई-साइन सुविधा के तहत 311 ई-एफआईआर और 348 ई-चार्जशीट सहित कुल 662 प्रकरण अपलोड कर जिले ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। सभी थानों को ई-पेन भी उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं eSummons प्रणाली से 537 समंस, 468 वारंट और 421 नोटिस ऑनलाइन जारी किए गए, जबकि VCNB के माध्यम से 842 वाहनों की जांच और 7002 अपराधियों का सत्यापन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस नए कानूनों को केवल पुलिस व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों तक उनकी जानकारी पहुंचाने के लिए भी विशेष अभियान चला रही है। जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नए आपराधिक कानूनों, डिजिटल प्रक्रियाओं, पुलिस की जवाबदेही और न्याय प्राप्त करने के अधिकारों की जानकारी दी जा रही है।
बिलासपुर पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक और नवीन कानूनी प्रावधानों के समन्वय से विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने, अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

