दुलहरा और खारंग जलाशय के तीन बड़े कार्यों को मिली मंजूरी, नहरों की होगी सीसी लाइनिंग, जीर्णोद्धार और उन्नयन किसानों को मिलेगा सीधा लाभ…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। दुलहरा एवं खारंग जलाशय से संबंधित तीन महत्वपूर्ण कार्यों के लिए कुल 1277.22 लाख यानी ₹12 करोड़ 77 लाख 22 हजार की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की जर्जर एवं पुरानी सिंचाई नहरों का सुदृढ़ीकरण, सीसी लाइनिंग, जीर्णोद्धार एवं उन्नयन किया जाएगा। इससे नहरों की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ खेतों तक सिंचाई पानी की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
तीन बड़े कार्यों पर खर्च होंगे 12.77 करोड़
स्वीकृत कार्यों में दुलहरा और खारंग जलाशय से जुड़ी महत्वपूर्ण नहर प्रणालियों को शामिल किया गया है।
दुलहरा जलाशय 4.87 करोड़:
बिलासपुर जिले के दुलहरा जलाशय के शीर्ष कार्य के सुदृढ़ीकरण तथा नहरों में सीसी लाइनिंग के लिए 487.82 लाख की स्वीकृति मिली है। इससे जलाशय से जुड़ी सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
खारंग जलाशय 4.78 करोड़:
खारंग जलाशय की बायीं तट मुख्य नहर के अंतर्गत खैरा डंगनिया माइनर, बाम्हु माइनर, अकलतरी माइनर, पिपरा माइनर एवं गड़वट माइनर के लाइनिंग एवं जीर्णोद्धार कार्य के लिए ₹478.31 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
जलसों शाखा नहर ₹3.11 करोड़
खारंग जलाशय अंतर्गत जलसों शाखा नहर एवं उससे जुड़े माइनरों के उन्नयन एवं नवीनीकरण के लिए ₹311.09 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
नहरें मजबूत होंगी तो खेतों तक पहुंचेगा पानी
इन कार्यों के पूरा होने के बाद संबंधित नहरों की स्थिति में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है। सीसी लाइनिंग से नहरों की मजबूती बढ़ेगी, जबकि जीर्णोद्धार एवं उन्नयन से लंबे समय से उपयोग में आ रही सिंचाई व्यवस्था को नई क्षमता मिलेगी। इससे पानी के बेहतर प्रबंधन और सिंचाई तंत्र की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बेलतरा क्षेत्र मुख्य रूप से कृषि आधारित इलाका है, ऐसे में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और पुरानी नहरों का उन्नयन किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जल संसाधन अधोसंरचना मजबूत होने से कृषि गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
विधायक सुशांत शुक्ला की पहल को मिली बड़ी सफलता।
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने वाले इन तीन बड़े कार्यों की स्वीकृति को विधायक सुशांत शुक्ला की पहल की महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। क्षेत्र में सड़क, भवन और अन्य विकास कार्यों के साथ कृषि एवं सिंचाई अधोसंरचना को प्राथमिकता देने की दिशा में यह अहम कदम है।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा का विकास केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों के खेतों तक बेहतर सिंचाई सुविधा पहुंचाना भी प्राथमिकता है। दुलहरा और खारंग जलाशय से जुड़े इन कार्यों से सिंचाई अधोसंरचना मजबूत होगी और क्षेत्र के कृषि विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नहर मजबूत होगी, सिंचाई बेहतर होगी और किसान समृद्ध होंगे।
कृषि विकास को मिलेगी नई रफ्तार
कुल ₹12 करोड़ 77 लाख 22 हजार की स्वीकृति से बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में जल संसाधन एवं सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। दुलहरा और खारंग जलाशय से जुड़ी नहरों के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण से आने वाले समय में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
क्षेत्रवासियों और किसानों ने इन महत्वपूर्ण कार्यों की स्वीकृति पर प्रदेश सरकार एवं विधायक सुशांत शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया है। किसानों का मानना है कि मजबूत सिंचाई व्यवस्था कृषि उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

