12.60 करोड़ की लागत से तैयार हो रही हाईटेक पार्किंग 80 कारें एक साथ होंगी पार्क कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने किया अंतिम चरण के कार्यों का निरीक्षण…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग और यातायात की वर्षों पुरानी समस्या अब जल्द दूर होने वाली है। नगर निगम एवं बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा करीब 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से तैयार की जा रही ऑटोमेटेड शटल टाइप मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। सब कुछ निर्धारित योजना के अनुसार रहा तो एक माह के भीतर शहरवासियों को इस अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा की सौगात मिल जाएगी।
नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निर्माणाधीन पार्किंग भवन का निरीक्षण कर अंतिम चरण के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को शेष कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में पार्किंग सुविधा प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
10,500 वर्गफीट में बनेगी हाईटेक पार्किंग
पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में करीब 10,500 वर्गफीट भूमि पर विकसित की जा रही यह पार्किंग ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंजिल की होगी। इसमें एक साथ करीब 80 कारों को पार्क करने की सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं ग्राउंड फ्लोर पर दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी रहेगी।

पार्किंग भवन को आधुनिक सुविधाओं के साथ आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में तैयार हो रही यह सुविधा भविष्य में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
कार लेकर पहुंचेंगे, सिस्टम खुद करेगा पार्क
इस पार्किंग की सबसे बड़ी खासियत इसकी ऑटोमेटेड पार्किंग प्रणाली होगी। वाहन चालक को कार लेकर निर्धारित प्रवेश स्थल तक पहुंचना होगा। इसके बाद लिफ्ट और स्वचालित शटल सिस्टम की मदद से वाहन को पार्किंग के निर्धारित स्थान तक पहुंचाकर पार्क किया जाएगा।
इस तकनीक से कम जगह में अधिक वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्क किया जा सकेगा। साथ ही वाहन चालकों को पार्किंग के लिए इधर-उधर घूमने और जगह तलाशने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।
नंबर प्लेट की होगी ऑटोमेटिक पहचान
पार्किंग में प्रवेश करते ही वाहनों की नंबर प्लेट मशीन द्वारा स्वतः रीड की जाएगी। इसके आधार पर पार्किंग पर्ची जारी होगी। ऑटोमेटेड एंट्री सिस्टम से वाहनों के प्रवेश और निकासी को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी तथा पार्किंग प्रबंधन अधिक सुगम और आधुनिक बनेगा।
फायर फाइटिंग सिस्टम से सुरक्षा:-
पार्किंग भवन में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए फायर फाइटिंग सिस्टम भी स्थापित किया जा रहा है। पार्किंग शुरू करने से पहले तकनीकी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक पार्किंग उपलब्ध हो सके।
सड़क किनारे पार्किंग से मिलेगी राहत
पुराना बस स्टैंड और आसपास का इलाका शहर के प्रमुख बाजार एवं व्यावसायिक क्षेत्र में आता है। यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अक्सर सड़क किनारे वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है।
नई मल्टीलेवल पार्किंग शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में वाहनों को व्यवस्थित पार्किंग मिल सकेगी। इससे सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग कम होने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था में भी सुधार आने की उम्मीद है।

कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने पार्किंग शुरू करने से पहले सभी तकनीकी, संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का आवश्यक परीक्षण कराने पर जोर दिया। अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा शुरू होने से शहर के मध्य पार्किंग व्यवस्था को नई दिशा मिलने के साथ पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात प्रबंधन भी बेहतर होने की उम्मीद है।

