रसोई में गंदगी वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक ही फ्रीजर में रखने सहित मिली कई अनियमितताएं…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर के पुराना हाईकोर्ट के सामने संचालित मद्रासी रेस्टोरेंट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा संबंधी कई गंभीर खामियां पाए जाने पर रेस्टोरेंट का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
यह कार्रवाई नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन रायपुर दीपक अग्रवाल के निर्देश तथा कलेक्टर बिलासपुर के मार्गदर्शन में की गई। विभागीय टीम द्वारा रेस्टोरेंट की रसोई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव की जांच की गई। इस दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा वेज एवं नॉनवेज खाद्य पदार्थों को एक ही फ्रीजर में रखा जाना भी सामने आया।

जांच में कर्मचारियों द्वारा खाद्य पदार्थों को तैयार करते समय ग्लव्स का उपयोग नहीं करने, रेस्टोरेंट में नियमित पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं होने तथा फ्रीजर की उचित साफ-सफाई नहीं किए जाने जैसी कमियां भी पाई गईं। खाद्य पदार्थों को अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार किए जाने को विभाग ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा रेस्टोरेंट संचालक को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना अनिवार्य है।
अधिकारियों ने कहा कि शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सख्ती का संदेश भी स्पष्ट हुआ है।

