सराफा एसोसिएशन की तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब स्कूली बच्चों की यात्रा का पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को बिलासपुर का सदर बाजार राष्ट्रभक्ति के अद्भुत रंग में रंगा नजर आया। आसमान से लगातार बरसती बारिश भी देशभक्ति के जज्बे को नहीं रोक सकी। हाथों में तिरंगा, जुबां पर भारत माता के जयकारे और दिल में देशप्रेम लिए व्यापारी, सराफा परिवार, स्कूली बच्चे और शहरवासी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। अवसर था बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा हर घर तिरंगा हर दुकान तिरंगा अभियान के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा एवं भव्य स्वागत समारोह का।
दोपहर करीब 1 बजे कलेक्टर कार्यालय से सराफा एसोसिएशन की तिरंगा यात्रा का

शुभारंभ जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल (IAS), SSP रजनीश सिंह (IPS), CEO संदीप अग्रवाल एवं नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने किया। बड़ी संख्या में व्यापारी एवं सराफा परिवार के सदस्य हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। बारिश के बीच भी यात्रा का उत्साह देखते ही बना।
सदर बाजार में गूंजे भारत माता के जयकारे
इसके बाद दोपहर 3 बजे गांधी चौक से जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, IG राम गोपाल गर्ग, CEO संदीप अग्रवाल एवं नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के नेतृत्व में स्कूली बच्चों की विशाल तिरंगा यात्रा निकली। जैसे ही यात्रा सदर बाजार पहुंची, बिलासपुर सराफा एसोसिएशन एवं चेंबर परिवार ने पुष्पवर्षा कर बच्चों और यात्रा में शामिल नागरिकों का भव्य स्वागत किया।
बारिश के बावजूद हजारों कदम तिरंगे के साथ आगे बढ़ते रहे। बच्चों के चेहरे पर उत्साह और हाथों में लहराता तिरंगा पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर रहा था। भारत माता की जय और राष्ट्रभक्ति के नारों से सदर बाजार गूंज उठा। कुछ देर के लिए ऐसा लगा मानो पूरा सदर बाजार तिरंगे की छांव में एकजुट होकर स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मना रहा हो।

तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक
बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद व्यापारियों, स्कूली बच्चों और नागरिकों ने जिस उत्साह एवं उमंग के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की, वह बिलासपुर की राष्ट्रभक्ति, एकजुटता और देश के प्रति समर्पण का शानदार उदाहरण है।
उन्होंने “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा” अभियान को सफल बनाने के लिए सभी व्यापारियों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में एसोसिएशन के सचिव श्रीकांत पाण्डेय, कोषाध्यक्ष रौनक साव, चेयरपर्सन राजेश शाह, कार्यकारी अध्यक्ष अजय सराफ सहित जितेंद्र सोनी, महेश दुबे, सूरज सोनी, नवनाथ आवले, छेदीलाल सराफ, महेंद्र शाह, दिलीप खंडेलवाल, अनिल गुप्ता, विजय शाह, पंकज पारिख, राजू पारिख, महेश सोनी, हरीश साहू, सनी सलूजा, रितेश सलूजा, प्रकाश सोनी, सज्जन सोनी, राजेश सोनी, आलोक सोनी, मनोज सोनी एवं केशव सोनी सहित अनेक सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
आज सुबह 11 बजे होगा भव्य ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सुबह 11 बजे बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि गगन कुमार (IPS), CSP सिटी कोतवाली तथा विशिष्ट अतिथि देवेश सिंह (TI), थाना सिटी कोतवाली उपस्थित रहेंगे।
एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों, सराफा परिवार एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस के इस गौरवपूर्ण अवसर को यादगार बनाने की अपील की है।
बारिश ने रास्ते जरूर भिगोए, लेकिन तिरंगे के प्रति दिलों में जल रही राष्ट्रभक्ति की लौ को जरा भी नहीं बुझा सकी। सदर बाजार का यह दृश्य लंबे समय तक बिलासपुर की देशभक्ति और एकजुटता की याद दिलाता रहेगा।

