नागरिक सुरक्षा मंच ने 1 सितंबर से आमरण अनशन का किया ऐलान…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] अरपा पार क्षेत्र सरकंडा को अलग नगर निगम का दर्जा देने की मांग अब आंदोलन का रूप लेने जा रही है। नागरिक सुरक्षा मंच ने मांग को लेकर निर्णायक संघर्ष का ऐलान किया है। मंच के संयोजक अमित तिवारी 1 सितंबर से आमरण अनशन शुरू करेंगे। सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक अरपा पार क्षेत्र को अलग नगर निगम बनाने की मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
22 वार्डों में फैला है अरपा पार क्षेत्र:-
अमित तिवारी ने कहा कि वर्तमान में अरपा पार क्षेत्र नगर निगम के करीब 22 वार्डों में फैला हुआ है। क्षेत्र की आबादी और भौगोलिक विस्तार लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य शहरी सुविधाओं की जरूरत भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास की बेहतर योजना और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए अलग नगर निगम का गठन जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा कि अलग नगर निगम बनने से अरपा पार क्षेत्र के विकास कार्यों की प्राथमिकताएं स्थानीय स्तर पर तय की जा सकेंगी और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी प्रशासनिक सुविधा होगी।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री को सौंप चुके हैं ज्ञापन

मंच के संयोजक ने बताया कि अलग नगर निगम की मांग को लेकर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। इसके बाद केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से छत्तीसगढ़ शासन को पत्र भेजकर अरपा पार क्षेत्र को अलग नगर निगम बनाए जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के लिए कहा गया है।

इसके बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं होने से नागरिक सुरक्षा मंच ने आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है।
मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आमरण अनशन
अमित तिवारी ने कहा कि अरपा पार क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से अलग नगर निगम की मांग उठा रहे हैं। क्षेत्र की बढ़ती आबादी, विस्तार और विकास की जरूरतों को देखते हुए सरकार को इस पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 सितंबर से शुरू होने वाला आमरण अनशन मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। नागरिक सुरक्षा मंच ने अरपा पार क्षेत्र के नागरिकों से आंदोलन में सहयोग और सहभागिता की अपील की है।
अब नजर सरकार के निर्णय पर है कि अरपा पार क्षेत्र को अलग नगर निगम बनाने की वर्षों पुरानी मांग पर कब तक ठोस कदम उठाया जाता है।

