बिलासपुर में 16 औषधि प्रतिष्ठानों की सघन जांच…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आदेशानुसार जिले में विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत बिलासपुर जिले में कुल 10 थोक औषधि विक्रेताओं और 6 खुदरा औषधि विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अन्य प्रदेशों से जिले में आने वाली औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी दस्तावेजों की जांच करना था।

अभियान के दौरान बिलासपुर शहर के सरकंडा, तेलीपारा, नेचर सिटी, सकरी सहित मस्तूरी ब्लॉक स्थित औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान औषधि नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जाएगा। उचित स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध निलंबन अथवा लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।


