बिलासपुर-{जनहित न्यूज}
बिलासपुर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश देते हुए ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में वृक्षारोपण महोत्सव एवं हरियाली दिवस का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। वाइस प्रिंसिपल तपोषी सरकार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा पहली तथा हिंदी माध्यम की कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों से विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

बच्चों ने स्कूल परिसर में आम, नीम, नींबू, बेल, पीस लिली, जेड प्लांट, एंथेरियम सहित रंग-बिरंगे फूलों वाले पौधे लगाए। बच्चों के नन्हे हाथों से लगाए गए पौधों से विद्यालय परिसर में सुंदर बगीचे का निर्माण किया गया। इस अवसर पर बच्चों में पौधों के प्रति लगाव और प्रकृति के संरक्षण की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
हरियाली दिवस के अवसर पर विद्यालय में रंगारंग एवं ज्ञानवर्धक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। नन्हे बच्चों ने कविता पाठ के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गरिमा, प्रियल, अक्षांश, लिसा, बृजेश, ऋषिका, राजवीर, अंकुश, समर, आदर्श, सौरभ, रितु, आरना शुक्ला, चित्राक्षी, दीपाली, गीतिका और आरवी ने शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

‘बरसो रे बरसो’ गीत पर बच्चों ने वर्षा ऋतु के आगमन की खुशी को नृत्य के माध्यम से जीवंत कर दिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को आनंद और उत्साह से सराबोर कर दिया। वहीं बच्चों की आकर्षक डायनासोर प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं।

सावन और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
श्रीमती शोभा पांडे ने सावन माह में भगवान शिव की पूजा के सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं श्रीमती दीपाली विश्वास ने बच्चों को वृक्ष लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं रक्षा करने का संदेश देते हुए कविता प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती पुष्पा बैगुर ने किया।
नन्हा बीज बनता है विशाल वृक्ष, आप भी कठिनाइयों से बनें मजबूत
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस प्रकार एक नन्हा बीज वर्षा, धूप और अनेक परिस्थितियों को सहन करते हुए धीरे-धीरे विशाल वृक्ष बनता है और आगे चलकर सभी को छाया एवं फल प्रदान करता है, उसी प्रकार बच्चों को भी जीवन की कठिनाइयों का सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

वाइस प्रिंसिपल तपोषी सरकार ने कहा कि बच्चों के हाथों से लगाए गए पौधे केवल पौधे नहीं, बल्कि भविष्य की हरियाली और पर्यावरण संरक्षण की नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण सहयोग रहा। वृक्षारोपण महोत्सव एवं हरियाली दिवस ने बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी और जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम ने यह प्रेरणा दी कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, छाया और जीवन का आधार बन सकता है।


