शराब दुकान के पास मामूली विवाद में युवक की हत्या दूसरे मामले में छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर सब्बल मारकर उतारा मौत के घाट…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सामने आए हत्या के दो अलग-अलग मामलों में सिरगिट्टी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक मामले में शराब दुकान के पास विवाद के दौरान युवक के पेट में चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरे मामले में पारिवारिक विवाद के चलते छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई के सिर पर लोहे के सब्बल से वार कर उसकी जान ले ली। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
शराब दुकान के बाहर विवाद।
पेट में चाकू मारकर युवक की हत्या:-
पहली घटना 28 अगस्त 2026 की रात करीब 7:30 बजे की बताई गई है। पुलिस के अनुसार राकेश प्रजापति अपने दोस्त जितेन्द्र साहू के साथ हरदीकला स्थित शराब भट्ठी गया था। शराब लेने के दौरान दो युवकों से धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद शराब दुकान के बाहर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने राकेश के पेट के पास चाकू से वार कर दिया।
चाकू के हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक अपचारी बालक ने अपने साथी राजा मनहर के साथ मिलकर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने राजा मनहर पिता मोहित मनहर, उम्र 25 वर्ष, निवासी कोरमी मोड़ के पास, थाना सिरगिट्टी को गिरफ्तार किया। मामले में एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है। दोनों के कब्जे से चाकू बरामद किया गया।
इस मामले में अपराध क्रमांक 620/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। राखी के दिन भाई-भाई में खूनी संघर्ष, सब्बल से हमला कर हत्या
दूसरी घटना भी 28 अगस्त को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना गांव में हुई। पुलिस के मुताबिक रक्षाबंधन के अवसर पर परिवार के लोग भाई सुभाष कुर्रे के घर आए हुए थे। शाम करीब 5 बजे सुभाष के छोटे भाई सुदर्शन कुर्रे ने भांजे-भांजियों से गाली-गलौज करने को लेकर विवाद किया।
विवाद बढ़ने पर सुदर्शन लाठी लेकर सुभाष से मारपीट करने लगा। परिजनों ने लाठी छीन ली तो आरोपी अपने घर से लोहे का सब्बल लेकर आया और सुभाष के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गांव में ही छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर 24 घंटे के भीतर आरोपी सुदर्शन कुर्रे पिता भारत कुर्रे, उम्र 36 वर्ष, निवासी हरदीकला टोना, थाना सिरगिट्टी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 619/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया।
दो वारदातें, त्वरित कार्रवाई से आरोपी सलाखों के पीछे सिरगिट्टी क्षेत्र में लगातार सामने आईं हत्या की इन दोनों घटनाओं में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक मामले में पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र का सहारा लिया, जबकि दूसरे मामले में घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया गया।

