तीन आरोपियों को भेजा गया जेल
दोनो वारदातों में डेढ़ लाख रुपये का माल बरामद…
मुंगेली-[जनहित न्यूज़] लोरमी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीन चोरी के मामलों का खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत लोरमी पुलिस ने चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें और किराना दुकान से चोरी का सामान बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
दो घरों से मोटरसाइकिल चोरी, तीसरी बाइक भी बरामद। पुलिस के मुताबिक डोगरीपारा लोरमी निवासी विक्की साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 अगस्त की रात उसके घर के सामने खड़ी पुरानी टीवीएस अपाचे RTR मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BY 2523, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गया।
इसी तरह डोगरीपारा निवासी इरफान बेग की पुरानी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AQ 9748, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये है, भी 27 अगस्त की रात घर से चोरी हो गई थी। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र तकनीकी सहायता और छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘त्रिनयन ऐप’ की मदद से घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला। CCTV फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने संदिग्ध की पहचान मोहम्मद रफीक निवासी देवारपारा लोरमी के रूप में की।
पूछताछ में खुला चोरी का राज:-
पुलिस ने मोहम्मद रफीक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपने साथी धनीराम मार्को निवासी दुल्लापुर, थाना चिल्फी के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल
टीवीएस अपाचे RTR और पैशन प्रो—के अलावा थाना कोटा क्षेत्र से चोरी की गई एक होंडा एक्स-ब्लेड मोटरसाइकिल भी बरामद की। दोनों आरोपियों को 29 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
किराना दुकान चोरी का भी खुलासा:+
इधर बाजारपारा लोरमी में कन्या स्कूल के पास स्थित किराना दुकान में हुई चोरी का मामला भी पुलिस ने सुलझा लिया। दुकानदार राजू यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दुकान से 1,500 रुपये नगद, एक टीन तेल, निरमा सहित करीब 8,500 रुपये का सामान चोरी कर लिया गया है।

इस मामले में भी पुलिस ने ‘त्रिनयन ऐप’ और CCTV फुटेज की मदद से संदिग्ध की पहचान अमर देवार निवासी देवारपारा लोरमी के रूप में की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से तेल का टीन, जिसमें करीब 2 लीटर तेल था, तथा 300 रुपये नगद बरामद किए गए। आरोपी अमर देवार को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
SSP के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई:-
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने लोरमी क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में लोरमी पुलिस की टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की।
तकनीकी जांच, CCTV फुटेज और मुखबिर सूचना के समन्वय से पुलिस ने न केवल आरोपियों तक पहुंच बनाई, बल्कि चोरी की गई संपत्ति भी बरामद कर ली।
इनकी रही अहम भूमिका:-
पूरी कार्रवाई में थाना लोरमी प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, लिलक साहू, आरक्षक राजू साहू, रेखराम नेताम, हेमसिंह ध्रुव, ईश्वर मरावी, सुशांत पाण्डेय, युगल किशोर, सैनिक कुलदीप सिंह एवं दिलीप राजपूत की अहम भूमिका रही।

