प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम विधायक सुशांत शुक्ला ने अन्य आवासीय कॉलोनियों से भी सौर ऊर्जा अपनाने की अपील…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना’ के माध्यम से देश को स्वच्छ ऊर्जा एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के संकल्प को बेलतरा विधानसभा में भी निरंतर गति मिल रही है। इसी कड़ी में सरकंडा स्थित पाम एनक्लेव आवासीय सहकारी समिति में 40 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का शुभारंभ किया गया।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने मुख्य अतिथि के रूप में सोलर प्लांट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं श्रीफल चढ़ाकर सोलर प्लांट का शुभारंभ किया।
बेलतरा के लिए विकास के साथ हरित ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि
अपने विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना विधायक सुशांत शुक्ला के लिए केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेलतरा को स्वच्छ, हरित और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

विधायक श्री शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और स्वच्छ ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने का जो संकल्प लिया है, पाम एनक्लेव की यह पहल उसी संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि आज पाम एनक्लेव में 40 KW सोलर प्लांट का शुभारंभ मेरे लिए विशेष प्रसन्नता और संतोष का विषय है, क्योंकि यह मेरे विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री की दूरदर्शी पहल को धरातल पर साकार करने वाला प्रेरणादायी उदाहरण है। सौर ऊर्जा से बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
अन्य कॉलोनियों से भी सौर ऊर्जा अपनाने की अपील:-
विधायक श्री शुक्ला ने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की अन्य आवासीय कॉलोनियों, समितियों एवं संस्थाओं से भी प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक आवासीय कॉलोनियां अपने कॉमन एरिया एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग करें, तो इससे बिजली के खर्च में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान होगा।

उन्होंने कहा कि पाम एनक्लेव ने एक रास्ता दिखाया है। मैं बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की अन्य कॉलोनियों से भी आग्रह करता हूं कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लेकर सौर ऊर्जा को अपनाएं और अपने परिसर को ऊर्जा की दृष्टि से अधिक आत्मनिर्भर बनाएं।
प्रशासन ने भी की पहल की सराहना
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पाम एनक्लेव की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना आज की आवश्यकता है। ऐसे प्रयास स्वच्छ और हरित बिलासपुर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने भी सौर ऊर्जा को अपनाने की इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 40 KW क्षमता का यह सोलर प्लांट सोसायटी के कॉमन एरिया की बिजली की आवश्यकता को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे बिजली के खर्च में कमी आने के साथ-साथ पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में भट्ट एंटरप्राइजेज की ओर से उचित सूद, गौरव पटेल, चाहत जैन एवं रेयांश गुप्ता ने सोलर प्लांट एवं परियोजना से संबंधित जानकारी अतिथियों एवं रहवासियों को दी।
अतिथियों का स्वागत सोसायटी की ओर से श्रीमती साधना गंगोपाध्याय, श्रीमती मधुमिता साहा, श्रीमती नलिनी अवस्थी, श्रीमती भावना जैन एवं बी.के. साहा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में सोसायटी के अध्यक्ष, सचिव, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित रहे। अंत में समिति के सचिव बी.के. साहा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पाम एनक्लेव का यह 40 KW सोलर प्लांट न केवल एक आवासीय परिसर की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने की पहल है, बल्कि बेलतरा विधानसभा में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम का प्रेरणादायी उदाहरण भी है।

