मंगला में सुबह तालाब में शव मिलने से सनसनी शिनाख्त के बाद होगा खुलासा मौत की वजह जानने जांच में जुटी पुलिस…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायधानी बिलासपुर के मंगला इलाके में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तालाब के पानी में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
शव की हालत ने पूरे घटनाक्रम को रहस्यमय बना दिया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत तालाब में डूबने से हुई होगी, लेकिन मौत की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।
कौन है मृतक? तालाब तक कैसे पहुंचा…?
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अधेड़ व्यक्ति तालाब तक कब और कैसे पहुंचा था।घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था, इसे लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने के कारण पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है जिसके आधार पर मौत को हादसा या किसी अन्य घटना से जोड़कर निश्चित निष्कर्ष निकाला जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस रहस्यमय मौत की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल मंगला के तालाब में मिले अज्ञात अधेड़ के शव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर वह तालाब तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? पुलिस इन्हीं सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।

