स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया फ्लैग-ऑफ अपोलो ने उन्नत हृदय उपचार सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं से कराया अवगत…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] विश्व हृदय दिवस पर अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर ने हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मेगा वॉकाथॉन का आयोजन किया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपोलो सिटी सेंटर, सीएमडी चौक से वॉकाथॉन को फ्लैग-ऑफ किया। करीब 4 किलोमीटर लंबी वॉकाथॉन अरपा रिवर व्यू पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें 1,000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ हृदय और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
वॉकाथॉन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों के साथ शहर के विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और प्रमुख संगठनों ने भी सहभागिता की। 20 से अधिक प्रमुख संगठनों एवं एसोसिएशनों की भागीदारी ने आयोजन को सामूहिक स्वास्थ्य जागरूकता का स्वरूप दिया।
स्वस्थ हृदय के लिए रोजमर्रा की आदतों पर जोर-:

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जागरूकता को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा जा सकता। नियमित पैदल चलना और शारीरिक सक्रियता, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, तनाव प्रबंधन, रक्तचाप, मधुमेह और कोलेस्ट्रॉल पर नियंत्रण तथा तंबाकू-धूम्रपान से दूरी स्वस्थ हृदय के लिए महत्वपूर्ण हैं। लोगों से स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
बिलासपुर में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा-:
कार्यक्रम में अभय कुमार गुप्ता ने अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर की उपलब्धियों, स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक जांच, चिकित्सा, शल्य चिकित्सा और गंभीर रोगों की देखभाल की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि बदलती स्वास्थ्य जरूरतों के अनुरूप अस्पताल में चिकित्सा विशेषज्ञता, आधुनिक तकनीक, बुनियादी ढांचे और मरीज-केंद्रित सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं में सेवाओं के विस्तार के साथ आधुनिक सुविधाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
आयुष्मान के दायरे में हृदय उपचार लाने की दिशा में पहल-:
अपोलो प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में अस्पताल में हृदय रोग से संबंधित उपचार सेवाओं को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे पात्र मरीजों को आधुनिक हृदय उपचार की सुविधा बिलासपुर में ही उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
उन्नत कैथ लैब में IVUS और ROTA जैसी तकनीकें-:

वॉकाथॉन के बाद हृदय रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मीडिया से संवाद करते हुए आधुनिक हृदय उपचार की सुविधाओं की जानकारी साझा की।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र प्रसाद सामल ने बताया कि अपोलो बिलासपुर का हृदय रोग विभाग लगातार उन्नत उपचार क्षमताओं को विकसित कर रहा है। अस्पताल की कैथ लैब में IVUS (इंट्रावैस्कुलर अल्ट्रासाउंड) और रोटेशनल एथेरेक्टॉमी (ROTA) जैसी आधुनिक तकनीकों को इंटरवेंशनल हृदय उपचार की क्षमताओं में शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जटिल हृदय रोगों के मामलों में केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि मरीज का सही चयन, चिकित्सकीय मूल्यांकन और विभिन्न विशेषज्ञों के बीच समन्वय भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट और कार्डियक सर्जन के बीच बेहतर तालमेल से मरीज के लिए उपयुक्त उपचार रणनीति तय करने में सहायता मिलती है।
25 वर्षों से अधिक अनुभव के साथ जटिल हृदय शल्य चिकित्सा पर जोर-:
हृदय एवं वक्ष शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. पंकज सक्सेना ने कहा कि जटिल हृदय रोगों के उपचार में विभिन्न विशेषज्ञों के बीच समन्वित और समग्र उपचार दृष्टिकोण जरूरी है। उन्होंने अपने 25 वर्षों से अधिक के अनुभव तथा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण एवं चिकित्सकीय अनुभव का उल्लेख करते हुए बिलासपुर में उन्नत हृदय शल्य चिकित्सा विशेषज्ञता उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
इस अवसर पर हृदय रोग विभाग के डॉ. अभिषेक कौशले एवं डॉ. रूपेश श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। उन्होंने मरीजों के लिए उपलब्ध विशेषज्ञ सेवाओं और उन्नत उपचार सुविधाओं की जानकारी साझा की।
बिलासपुर के लिए गौरव का संदेश-:
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा ग्रेवाल, सीआईएमएस के डीन डॉ. रमनेश मूर्ति, एसईसीआर के पीसीएमडी डॉ. देवेश कुमार सहित चिकित्सा, प्रशासन और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

वॉकाथॉन के माध्यम से अपोलो हॉस्पिटल्स ने लोगों को संदेश दिया कि हृदय स्वास्थ्य किसी एक दिन का संकल्प नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ खान-पान से लेकर तनाव नियंत्रण और नियमित स्वास्थ्य जांच तक छोटे-छोटे कदम लंबे समय में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
अपोलो हॉस्पिटल्स का संदेश रहा
दिल के लिए चलें, सेहत के लिए जुड़ें।

