सेवा संकल्प अभियान का द्वादश दिवस बीएनआई बिलासपुर कार्यकारी निदेशक डॉ. किरणपाल सिंह चावला का संदेश व्यापारिक प्रगति से लेकर सामाजिक उत्थान तक मजबूत संगठन की अहम भूमिका…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान के द्वादश दिवस का आयोजन उत्साह, गरिमा और सार्थक संवाद के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती की आरती एवं वंदेमातरम् के सामूहिक गान से हुई। इस अवसर पर संगठन की शक्ति, नेटवर्किंग, व्यापारिक सहयोग और सामाजिक विकास को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर बीएनआई कार्यकारी निदेशक डॉ. किरणपाल सिंह चावला ने संगठन की शक्ति और सामूहिक प्रयासों को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि मजबूत संगठन अपने सदस्यों को बेहतर अवसर देने के साथ समाज के विकास और सामूहिक उत्थान में भी प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जब समान उद्देश्य वाले लोग एक मंच पर संगठित होकर अपनी क्षमताओं, अनुभवों और संसाधनों को साझा करते हैं, तो नए अवसरों का निर्माण होता है और विकास की संभावनाएं मजबूत होती हैं। उन्होंने नेटवर्किंग, आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक प्रयासों को व्यापारिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया।

डॉ. चावला ने BNI एवं सराफा संगठनों के बीच आपसी सहयोग और नेटवर्किंग की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के अनुभव और विशेषज्ञता एक-दूसरे के साथ साझा होने से न केवल व्यापारिक गतिविधियों को गति मिल सकती है, बल्कि समाज के व्यापक विकास के लिए भी नए रास्ते खुल सकते हैं।
संगठनों को बदलते समय के साथ कार्यप्रणाली में लाना होगा बदलाव-:

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में सुशासन, विकास एवं प्रगति से जुड़े विषयों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों को अपनी कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाते हुए समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने BNI जैसे बिजनेस नेटवर्किंग संगठन और सराफा संगठनों के बीच नेटवर्किंग, अनुभव, व्यापारिक सहयोग तथा ज्ञान के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों के माध्यम से व्यापार जगत को नई दिशा देने के साथ सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती दी जा सकती है।

अतिथियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा:-
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, बिलासपुर के अध्यक्ष सुरेश शर्मा एवं उनकी टीम तथा पूर्व पार्षद श्रीमती स्नेहलता शर्मा उपस्थित रहीं। सराफा अतिथियों के रूप में रवि सलूजा, सुरेश मंगवानी एवं सुशील सराफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर पंकज पारेख, जितेंद्र सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष अजय सराफ, महासचिव श्रीकांत पांडे, कोषाध्यक्ष रौनक साव, सूरज सोनी, शशांक स्वर्णकार एवं रवि सलूजा सहित बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन अलंकृता मिश्रा ने किया। उन्होंने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। अंत में महासचिव श्रीकांत पांडे ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान के तहत प्रतिदिन शाम 6 बजे विभिन्न विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी कार्यक्रमों में नागरिकों एवं व्यापारियों को सादर आमंत्रित किया गया है।

