कबड्डी में संजू देवी और हॉकी में मधु सिदार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान कलेक्टर बोले…
इनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर स्वर्णिम सफलता हासिल कर बिलासपुर लौटीं जिले की दो प्रतिभाशाली बेटियों संजू देवी और मधु सिदार का मंगलवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपने कार्यालय में सम्मान किया। कलेक्टर ने दोनों खिलाड़ियों का गुलदस्ता भेंटकर आत्मीय स्वागत किया और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कबड्डी और हॉकी में देश को दिलाया सोना
संजू देवी ने जापान में आयोजित 20वीं एशियाई महिला कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बनकर शानदार उपलब्धि हासिल की। वहीं मधु सिदार ने चीन में आयोजित जूनियर एशिया हॉकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। दोनों खिलाड़ी बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षणरत हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्णिम सफलता हासिल करने के बाद दोनों का यह पहला बिलासपुर आगमन था।
कलेक्टर बोले…युवाओं को बड़े सपने देखने की मिलेगी प्रेरणा-:
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करना केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। दोनों खिलाड़ियों की सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देगी।

उन्होंने खिलाड़ियों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि बिलासपुर की खेल प्रतिभाएं लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।
सम्मान से बढ़ा हौसला संजू देवी:-
सम्मान से अभिभूत संजू देवी ने कहा कि देश के लिए खेलना और स्वर्ण पदक जीतना उनके जीवन का बेहद गर्वपूर्ण क्षण है। बिलासपुर लौटने पर मिले सम्मान और प्रोत्साहन से उनका हौसला बढ़ा है और आगे इससे भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, उप संचालक खेल विभाग ए. एक्का सहित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

