अग्रवाल समाज सरसींवा में महाराजा अग्रसेन जयंती का भव्य समापन, शोभायात्रा निकाली और मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार और सेवा की भावना ही समाज की मजबूती का आधार है। आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों को आध्यात्मिक ज्ञान और पारिवारिक संस्कारों से जोड़ना भी जरूरी है। यह बात बिलासपुर के वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं समाजसेवी विमल अग्रवाल ने अग्रवाल समाज सरसींवा द्वारा आयोजित महाराजा श्री अग्रसेन जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
अग्रवाल समाज सरसींवा की ओर से महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में 3 अक्टूबर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा था। इन कार्यक्रमों का समापन 11 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हर्षोल्लासपूर्वक हुआ। पूरे आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार और सेवा का संदेश दिया गया।
आध्यात्मिक संस्कारों से विकसित होते हैं नैतिक मूल्य:-

समारोह को संबोधित करते हुए सीए विमल अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षा के साथ आध्यात्मिक संस्कारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आध्यात्म से जुड़ाव बच्चों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सदाचार और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करता है। आधुनिक शिक्षा, आध्यात्मिक ज्ञान और पारिवारिक संस्कारों का समन्वय बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ उनके व्यक्तित्व को भी मजबूत करता है।
उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार अपनाने और जीवन में नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संस्कारवान और शिक्षित नई पीढ़ी ही समाज तथा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सीए विमल अग्रवाल की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की इस पहल से बच्चों का उत्साह बढ़ा। साथ ही समाज में शिक्षा, परिश्रम और प्रतिभा को सम्मान देने का संदेश भी दिया गया।
सामूहिक सहभागिता से सफल हुआ आयोजन
महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में समाज के लोगों की सहभागिता और सहयोग सराहनीय रहा।

आयोजन को सफल बनाने में सरसींवा मारवाड़ी युवा मंच, अग्रवाल महिला शाखा एवं महिला जागृति शाखा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महाराजा श्री अग्रसेन जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में शिक्षा, संस्कार, सेवा, समानता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा। भव्य शोभायात्रा और सम्मान समारोह के माध्यम से समाज की एकजुटता प्रदर्शित हुई। साथ ही नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन जी के विचारों, आदर्शों और गौरवशाली परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिली।

