सोने-चांदी की शुद्धता और हॉलमार्किंग पर फ़ोकस विश्व मानक दिवस पर गुणवत्ता उपभोक्ता संरक्षण और सतत विकास के साझा संकल्प पर हुआ मंथन…
रायपुर-[जनहित न्यूज़] गुणवत्ता, विश्वसनीयता और उपभोक्ता हितों की रक्षा के साथ उद्योगों में मानकीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), रायपुर शाखा द्वारा विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर 14 अक्टूबर को होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट, लाभांडी रोड, रायपुर में ‘मानक महोत्सव’ का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में गुणवत्ता मानकों, उपभोक्ता जागरूकता और सतत विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस वर्ष महोत्सव की थीम “बेहतर विश्व के लिए साझा दृष्टिकोण : सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा (SDG-7)” रही। इसके माध्यम से स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा को प्रोत्साहित करने, तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने और सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में मानकीकरण की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।
उद्योग, तकनीक और शिक्षा जगत के प्रतिनिधियों की मौजूदगी:-
कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), रायपुर के निदेशक-प्रभारी डॉ. समीर बाजपेयी, केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET), रायपुर के प्रिंसिपल डायरेक्टर डॉ. आलोक कुमार साहू, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME), रायपुर के संयुक्त निदेशक लोकेश पारघनिया, उरला इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (NSIC), रायपुर के चीफ मैनेजर पवन जायसवाल तथा दूरदर्शन के उप महानिदेशक संजय मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

भारतीय मानक ब्यूरो, रायपुर शाखा की निदेशक एवं प्रमुख श्रीमती अनुरिता जोजो, वैज्ञानिक ‘E’ एवं राहुल गुप्ता, वैज्ञानिक ‘C’ एवं उप निदेशक तथा पालेन्द्र कुमार, वैज्ञानिक ‘D’ एवं संयुक्त निदेशक सहित अन्य अधिकारियों ने भी आयोजन में सहभागिता की।
हॉलमार्किंग और उपभोक्ता विश्वास का महत्वपूर्ण पक्ष:-
महोत्सव में मानकों के महत्व, BIS प्रमाणन प्रक्रिया, औद्योगिक उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, नवाचार और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा हुई। तकनीकी सत्रों में विभिन्न संस्थानों एवं औद्योगिक संगठनों ने अपने विचार और प्रस्तुतियां साझा कीं। साथ ही, स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा के प्रसार और सतत विकास के लक्ष्यों को पूरा करने में गुणवत्ता मानकों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया।

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी की सहभागिता ने सराफा कारोबार से जुड़े सोने-चांदी की शुद्धता, हॉलमार्किंग, गुणवत्ता मानकों और उपभोक्ता जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को विशेष प्रासंगिकता प्रदान की। आभूषण कारोबार में शुद्धता की विश्वसनीयता और उपभोक्ताओं का भरोसा बनाए रखने के लिए निर्धारित मानकों के प्रति जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है।

मानक महोत्सव ने उद्योग, तकनीकी संस्थानों, शैक्षणिक जगत और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों को एक साझा मंच प्रदान किया। आयोजन के जरिए गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत करने, उपभोक्ता हितों को प्राथमिकता देने और सतत विकास की दिशा में मानकीकरण की भूमिका को रेखांकित किया गया।

