मरवाही पुलिस की त्वरित कार्रवाई घायल सरवन प्रजापति जिला अस्पताल रेफर वारदात में इस्तेमाल टांगिया और लाठी जब्त…
गौरेला/पेण्ड्रा/मरवाही-[जनहित न्यूज़] जमीन बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ग्राम मगुरदा में पंचायत भवन के सामने टांगिया और लाठी से तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। घटना में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल गौरेला रेफर किया गया। मामले में GPM पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टांगिया और लाठी भी जब्त कर ली है।
आधी रात जमीन बंटवारे पर भिड़े, तीन लोगों से मारपीट:-
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम मगुरदा की है। जमीन बंटवारे को लेकर पंचायत भवन के सामने विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और आरोपियों ने सरवन प्रजापति, चंपाबाई तथा राजकुमार पर टांगिया एवं लाठी से हमला कर दिया। हमले में तीनों को चोटें आईं। सरवन प्रजापति की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल गौरेला भेजा गया।
घटना की रिपोर्ट पर मरवाही पुलिस ने अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 109(1) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
SP के निर्देश पर हरकत में आई पुलिस, FSL ने जुटाए साक्ष्य:-
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने घायलों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मरवाही पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। विवेचना के दौरान FSL अधिकारी की मौजूदगी में वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 26 अक्टूबर 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल टांगिया और लाठी जब्त की। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार किए गए चार आरोपी:-
हेमंत कुमार प्रजापति, पिता सावन प्रजापति, उम्र 19 वर्ष।
लालबहादुर प्रजापति, पिता झगड़ुवा प्रजापति, उम्र 52 वर्ष।
नेमुला प्रसाद प्रजापति, पिता झगड़ुवा प्रजापति, उम्र 65 वर्ष।
देवनारायण प्रजापति, पिता नेमुला प्रजापति, उम्र 40 वर्ष।
चारों आरोपी ग्राम मगुरदा, थाना मरवाही, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-
मरवाही के निवासी हैं।
अपराधियों पर पुलिस का सख्त रुख
GPM पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। जमीन बंटवारे जैसे विवादों में हिंसा का सहारा लेने वालों के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

