कहीं छह माह से पेंशन बंद कहीं पानी टंकी बनने के बाद भी बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जिले में जनसमस्याओं के निराकरण के लिए आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में सोमवार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी परेशानियां कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह के सामने रखीं। आवास की राशि, पेयजल आपूर्ति बिजली व्यवस्था, जाति प्रमाण पत्र, फसल बीमा, शासकीय भूमि पर कथित कब्जे और दिव्यांग पेंशन जैसी समस्याओं को लेकर आवेदकों ने गुहार लगाई। कलेक्टर और एसएसपी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।

पानी टंकी बनी, फिर भी प्यासे ग्रामीण 180 परिवार बिजली संकट से परेशान-
जनदर्शन में ग्राम पंचायत निरतू के सरपंच ने निरतू और आश्रित ग्राम अदराली में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी टंकी से अब तक पेयजल वितरण शुरू नहीं होने की शिकायत की। उनका कहना था कि टंकी बनने के बावजूद ग्रामीणों को नियमित पेयजल सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जल्द पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की।
वहीं निरतू के खाल्हेपारा में ट्रांसफार्मर बंद होने और पर्याप्त बिजली व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में लगभग 180 परिवार निवास करते हैं, जिन्हें बिजली संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बिजली के खंभे लगाकर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
मां के नाम आवास स्वीकृत, मृत्यु के बाद भी नहीं मिली निर्माण राशि:-

तखतपुर विकासखंड के ग्राम चनाडोंगरी निवासी भोला कैवर्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी समस्या सामने रखी। उन्होंने बताया कि उनकी माता के नाम पर आवास स्वीकृत हुआ था। माता के निधन के बाद नामांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद आवास निर्माण के लिए राशि नहीं मिल सकी है। उन्होंने मामले की जांच कर नियमानुसार राशि दिलाने की मांग की।
इसी तरह तिफरा निवासी कैलाश बाई ध्रुव ने अपने पुत्र का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की समस्या उठाई। उन्होंने प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही बाधाओं को दूर कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

फसल बीमा का इंतजार कर रहे किसान, छह माह से दिव्यांग पेंशन बंद-:
बोदरी तहसील के ग्राम मुढ़ीपार के किसानों ने रबी फसल का बीमा कराने के बावजूद राशि नहीं मिलने की शिकायत की। किसानों के अनुसार, उन्होंने एचडीएफसी बीमा कंपनी के माध्यम से फसल बीमा कराया था, लेकिन अब तक उन्हें बीमा राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने लंबित राशि दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
दूसरी ओर, कपसियाखुर्द निवासी दिव्यांग पुन्नीराम साहू ने बताया कि उन्हें पहले दिव्यांग पेंशन मिलती थी, लेकिन पिछले करीब छह माह से पेंशन बंद है। पेंशन नहीं मिलने से आजीविका चलाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने लंबित पेंशन दिलाने और भुगतान दोबारा शुरू कराने की गुहार लगाई।

शासकीय भूमि पर निर्माण से रास्ता बंद होने का आरोप-:
चकराकुंड-चोरभट्ठी निवासी सोमेश कुमार वस्त्रकार ने शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि नेपाल वस्त्रकार द्वारा शासकीय भूमि पर मकान का निर्माण किया जा रहा है, जिससे उनका रास्ता अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने निर्माण की जांच कराने, कथित अवैध निर्माण पर रोक लगाने और उचित कार्रवाई करने की मांग की।
आवेदनों की जांच कर समय पर निराकरण के निर्देश-:

जनदर्शन में आवास, पेयजल, बिजली, राजस्व, फसल बीमा, जाति प्रमाण पत्र और पेंशन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने आवेदकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच करने तथा नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देना है। अब संबंधित विभागों की कार्रवाई पर आवेदकों की निगाहें टिकी हैं, ताकि उन्हें लंबे समय से चली आ रही परेशानियों से राहत मिल सके।

