28–29 अक्टूबर को 80 कि.मी. की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं…!
24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय निगम के सभी कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] संभावित चक्रवात और 28–29 अक्टूबर को 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम अलर्ट मोड पर आ गए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल और निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने राहत एवं बचाव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपात स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

कलेक्टर ने जिला एवं तहसील स्तर के कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, सुरक्षित आश्रय स्थलों की व्यवस्था और राहत-बचाव दल को तैयार रखने के निर्देश दिए।

वहीं, निगम कमिश्नर ने जलभराव एवं डूबान वाले क्षेत्रों में मुनादी, सतत निगरानी और जरूरत पड़ने पर लोगों को स्कूलों व सामुदायिक भवनों में सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। एहतियातन निगम के सभी अधिकारियों-
कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं।

पेड़, होर्डिंग और बिजली व्यवस्था पर नजर
तेज हवाओं से संभावित नुकसान रोकने के लिए कमजोर पेड़ों की डालियों की छंटाई, असुरक्षित होर्डिंग हटाने तथा कमजोर बिजली खंभों और संवेदनशील लाइनों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

अस्पतालों, पेयजल आपूर्ति और आपातकालीन सेवाओं की बिजली व्यवस्था सुचारु रखने पर भी जोर दिया गया है। होमगार्ड एवं आपदा मोचन दल को बचाव उपकरणों सहित तैयार रहने और अस्पतालों में डॉक्टरों व कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी:-
नगर निगम ने आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। नागरिक जरूरत पड़ने पर 07752-471224 पर सूचना दे सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने, जलाशयों के आसपास जाने से बचने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

