प्रमुख मार्गों की बदलेगी तस्वीर, कई सड़कों की मरम्मत जारी ग्रामीण अंचलों में भी बिछेगा नई सड़कों का जाल…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायधानी बिलासपुर की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने और आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने कवायद तेज कर दी है। शहर के प्रमुख मार्गों पर मरम्मत कार्य जारी है, वहीं कई सड़कों पर जल्द ही बीटी (बिटुमिनस टॉपिंग) नवीनीकरण का काम शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में नई सड़कों के निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है। इन कार्यों के पूरा होने से शहरवासियों के साथ ग्रामीण अंचलों के लोगों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।
शहर के प्रमुख मार्गों पर चल रहा मरम्मत कार्य
लोक निर्माण विभाग द्वारा शहर के कुदुदंड-मंगला मार्ग, महामाया चौक से सेंदरी मार्ग, रमतला पहुंच मार्ग तथा नेहरू चौक से उसलापुर मार्ग पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इन मार्गों के क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त कर सड़क की स्थिति सुधारने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वाहन चालकों और आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
इन प्रमुख सड़कों का होगा बीटी नवीनीकरण
शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों की सड़क सतह सुधारने के लिए बीटी नवीनीकरण कार्य जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है। इसके दायरे में राजेंद्र नगर चौक से तारबाहर चौक, देवकीनंदन चौक से महामाया चौक, संजय तरण पुष्कर से अग्रसेन चौक, सीपत से बलौदा मार्ग, पेंड्रीडीह से महामाया चौक तथा नेहरू चौक से दर्रीघाट मार्ग शामिल हैं।

इन सड़कों के नवीनीकरण से क्षतिग्रस्त सतह को बेहतर बनाने, वाहन चालकों की परेशानी कम करने और यातायात को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। प्रमुख मार्गों पर इन कार्यों के शुरू होने से शहर की सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क की तैयारी
सड़क विकास की यह कवायद केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए जोंधरा-सोन-बसंतपुर मार्ग, सोन से सोनसरी मार्ग, खमरिया-सोठी-नवापारा मार्ग तथा मल्हार-चिल्हाटी मार्ग पर नवीन सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित एवं प्रगतिरत हैं।
इन सड़कों के निर्माण से गांवों का संपर्क बेहतर होगा। ग्रामीणों को दैनिक आवागमन, परिवहन और जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही कृषि उपज के परिवहन, स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।

सड़क सुविधा बेहतर बनाने पर जोर-:
लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए मरम्मत, नवीनीकरण और नई सड़कों के निर्माण पर काम किया जा रहा है। इन कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
अब इन योजनाओं का वास्तविक लाभ इस बात पर निर्भर करेगा कि मरम्मत और नवीनीकरण के कार्य समय पर पूरे हों तथा सड़कों की गुणवत्ता भी निर्धारित मानकों के अनुरूप बनी रहे।

