केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक के नेतृत्व में गांधी चौक से नेहरू चौक तक निकली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा EVM और वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ जमकर लगे नारे…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 1 नवंबर को प्रस्तावित मार्च से पहले बिलासपुर में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। गांधी चौक से नेहरू चौक तक निकली इस रैली में कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।

पदयात्रा दोपहर 3 बजे गांधी चौक स्थित गवर्नमेंट स्कूल परिसर से शुरू हुई। इसमें केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मंत्री एवं नगर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी पदयात्रा:-

गांधी चौक से शुरू हुई पदयात्रा हटरी चौक, सिटी कोतवाली चौक, सदर बाजार, गोल बाजार, करोना चौक और सिम्स चौराहा होते हुए पंडित देवकीनंदन चौक पहुंची। यहां से रैली नेहरू चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के समर्थन और कांग्रेस के विरोध में नारे लगाते रहे। हाथों में पार्टी के झंडे और लोकतंत्र से जुड़े संदेशों के साथ कार्यकर्ताओं ने विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए।
EVM और वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा:-

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने कांग्रेस की चुनावी राजनीति और EVM पर उठाए जाने वाले सवालों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में हारने पर EVM पर सवाल उठाती है और वोट चोरी के आरोप लगाती है, जबकि जिन राज्यों में उसे जीत मिलती है, वहां EVM को लेकर सवाल नहीं उठाए जाते।
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए जनता को गुमराह करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास खो चुकी कांग्रेस अब राजनीतिक मुद्दों के जरिए देश में भ्रम की स्थिति पैदा करना चाहती है।

विपक्ष पर विदेशी ताकतों से गठजोड़ का आरोप
सभा में भाजपा के अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस और विपक्षी दलों की भूमिका पर सवाल उठाए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है तथा राजनीतिक विरोध के नाम पर अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रहित के मुद्दों पर एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
राहुल गांधी के मार्च के जवाब में भाजपा का सियासी संदेश:-
गौरतलब है कि 1 नवंबर को राहुल गांधी के प्रस्तावित मार्च के मद्देनजर भाजपा की यह पदयात्रा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ भाजपा ने सड़क पर उतरकर कांग्रेस की राजनीति और चुनावी आरोपों का जवाब देने की कोशिश की। गांधी चौक से नेहरू चौक तक निकली इस पदयात्रा के जरिए भाजपा ने बिलासपुर में अपनी संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी का संदेश देने का प्रयास किया।

