शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म अस्पताल में कराया गर्भपात डॉक्टर पर नाबालिग के साथ अपराध छिपाने साक्ष्य नष्ट करने का गम्भीर आरोप…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर नाबालिग बच्ची के साथ अपराध उसकी असमय गर्भावस्था और फिर गर्भपात के बाद सबूत मिटाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम में एक महिला डॉक्टर की भूमिका उजागर होने के बाद तोरवा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। इतना ही नहीं, गर्भपात के बाद निकले भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया। नाबालिग के साथ घटित अपराध की सूचना पुलिस को नहीं देने का आरोप भी महिला डॉक्टर पर है। गिरफ्तार डॉक्टर को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
शादी का झांसा देकर नाबालिग का शोषण
तोरवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवारी निवासी गणेश सोनी (30 वर्ष) पर दिसंबर 2023 से नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। इसी दौरान बालिका गर्भवती हो गई। मामले में आरोपी गणेश सोनी द्वारा एक अस्पताल में महिला डॉक्टर की सहायता से नाबालिग का गर्भपात कराए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में गणेश सोनी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।
विवेचना में सामने आई महिला डॉक्टर की भूमिका-:
नाबालिग से जुड़े इस गंभीर अपराध की जांच के दौरान पुलिस ने गर्भपात कराने वाली महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह से पूछताछ की। विवेचना में सामने आए तथ्यों और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर डॉक्टर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस के मुताबिक, महिला डॉक्टर को इस बात की जानकारी थी कि गर्भपात कराने वाली बालिका नाबालिग है, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया।
भ्रूण को साक्ष्य मानकर भी अरपा नदी में किया नष्ट-:
मामले का सबसे गंभीर पहलू गर्भपात के बाद सामने आया। पुलिस के अनुसार, गर्भपात के पश्चात निकले भ्रूण को अपराध से जुड़ा महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा नाबालिग बालिका के साथ घटित अपराध की जानकारी भी पुलिस को नहीं दी गई। पुलिस ने इन कृत्यों को विवेचना में गंभीरता से लेते हुए महिला डॉक्टर की भूमिका की जांच की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
महिला एवं बालिका संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की पतासाजी कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना तोरवा पुलिस ने मामले की विवेचना आगे बढ़ाई।

गिरफ्तार महिला डॉक्टर-:
पुलिस ने सुब्धा मसीह, पिता रेशम लाल मसीह, उम्र 43 वर्ष, निवासी आयुष्मान होटल के पास, उसलापुर, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर को 13 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया।
महिला डॉक्टर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3), 89, 238, 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 एवं 21 के तहत कार्रवाई की गई है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह मामला केवल नाबालिग के शोषण तक सीमित नहीं है, बल्कि उस गंभीर जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े करता है, जिसके तहत एक चिकित्सक से कानून और बाल संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता की अपेक्षा की जाती है।

